फरीदाबाद। निजी स्कूलों पर शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए पांच-छह महीने पहले ही दाखिला प्रक्रिया शुरू करने का आरोप लगा है। अभिभावकों से 60 हजार से एक लाख रुपये तक अग्रिम फीस वसूलने का मामला सामने आया है। हरियाणा अभिभावक एकता मंच ने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और एफएफआरसी के अध्यक्ष से इसकी शिकायत की है।
मंच के जिला अध्यक्ष शिव कुमार जोशी और महासचिव बीएस बिरदी ने आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि स्कूल कक्षा एक से पहले प्री-नर्सरी, नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के नाम से चार कक्षाएं चला रहे हैं। नियमों के अनुसार कक्षा एक से पहले केवल दो कक्षाएं होनी चाहिए। दो से ढाई साल के बच्चों को भी दाखिला देने का आरोप है। मंच का कहना है कि स्कूल टोकन राशि के बजाय 60 हजार से एक लाख रुपये तक अग्रिम फीस वसूल रहे हैं। इसमें अगले सत्र की फीस भी शामिल है। फॉर्म-6 के बिना बढ़ी हुई फीस लेने और हुडा के नियमों के विपरीत दाखिले करने के आरोप भी लगाए गए हैं। प्रदेश महासचिव कैलाश शर्मा ने अभिभावकों से एफएफआरसी और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को शिकायत देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को इन मनमानी के खिलाफ संबंधित अधिकारियों से शिकायत करनी चाहिए। जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंघला ने इस मामले पर कहा कि यह अभी तक उनके संज्ञान में नहीं आया है। संवाद