फरीदाबाद। सेक्टर-31 स्थित एसआरएस टॉवर के दो फ्लोर पर चल रहे फर्जी कॉल सेंटर से पकड़े गए आरोपियों को दो दिन की रिमांड के बाद अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों के खातों, अमेरिकी नागरिकों को ठगने वाले ऐप सहित अन्य जानकारी हासिल की गई।
आरोपियों ने बताया कि वे पीड़ितों से एक गिफ्ट वाउचर खरीदवाते थे, जो अमेरिका में आसानी से उपलब्ध है। इसके माध्यम से ही 100 से 500 डॉलर निकाल लेते थे। वे उनके कंप्यूटर में पॉपअप मैसेज भेजकर कंप्यूटर सुरक्षा देने के बहाने अपने पास डॉलर मंगवा लेते थे। मुख्यमंत्री उड़न दस्ते के छापे में आरोपियों से बरामद लैपटॉप, हार्ड डिस्क व मोबाइल को डिपार्टमेंट आफ इन्फार्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्यूनिकेशन (डाइटेक) गुरुग्राम भेजा गया है। उड़नदस्ते ने शुक्रवार को सेक्टर-31 एसआरएस टावर के पांचवें फ्लोर से एसजीएम नगर निवासी गुरिंदर सिंह, आईपी एक्सटेंशन दिल्ली निवासी ईशान चौधरी, ग्रीन फील्ड कॉलोनी निवासी विशाल और सेक्टर-57 गुरुग्राम निवासी अंकुश और सातवें फ्लोर से ओल्ड फरीदाबाद राजा गार्डन निवासी मोहित, भूड़ कालोनी निवासी देव वशिष्ठ, ऊंचा गांव बल्लभगढ़ निवासी प्रकाश, राजा गार्डन निवासी आसिफ, तुगलकाबाद एक्सटेंशन निवासी लीमा को गिरफ्तार किया था। सभी को रविवार को जेल भेज दिया गया।