फरीदाबाद: यहां 35 रुपये किलो मिलेगा प्याज, राज्य सरकार ने उठाए कदम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली की तर्ज पर हरियाणा के जिलों में भी लोगों को सस्ते दाम पर प्याज मिलेंगे। राज्य सरकार के आदेश पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने प्याज बेचने की तैयारी शुरू कर दी है। राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ लिमिटेड (नैफेड) से करीब 250 क्विंटल प्याज की शहर में आपूर्ति की गई है। जिससे राशन डिपो के माध्यम से राशनकार्ड धारकों को 31 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचा जाएगा।
बाजार में प्याज के दाम लगातार आसमान छू रहे हैं। शहर की सबसे बड़ी डबुआ मंडी में गुरुवार को थोक के प्याज 56 रुपये प्रति किलो बेचे गए। वहीं खुदरा बाजार में प्याज की कीमत 80 तक पहुंची गई है। डबुआ मंडी के थोक विक्रेता हर्ष आहुजा ने बताया कि शहर में प्रति दिन 250 क्विंटल प्याज की मांग है। महाराष्ट्र, गुजरात, नासिक क्षेत्र में भारी बारिश के चलते इस बार प्याज की फसल बर्बाद होने से आपूूर्ति कम हो गई है।
फिलहाल मंडी में रोजाना दो ट्रक प्याज ही पहुंच रहे हैं जिससे प्याज की कीमतें आसमान छूने लगी है। लोगों की परेशानी को देखते हुए सरकार ने प्याज वितरण को अपने हाथों में लिया है। राशन डिपो पर 31 रुपये किलो के हिसाब से प्याज बेचा जाएगा। इसमें एक रुपये प्रति किलो के हिसाब से डिपो धारक को मिलेगा।
शहर के सभी राशन डिपो पर दो दिनों में प्याज का वितरण शुरू कर दिया जाएगा। जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक केके गोयल ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए विभाग ने स्वयं प्याज बेचने की तैयारी की है। पहले चरण में जिला स्तर पर डिपो के माध्यम से बीपीएल, एपीएल कार्ड धारकों को 31 रुपये किलो के हिसाब से प्याज मुहैया करवाया जाएगा। एक राशनकार्ड धारक 10 दिन में तीन किलो प्याज ले सकेगा। प्याज का वितरण सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से किया जाएगा।