कन्हैया के परिजन बोले इस सबकी क्या जरूरत थी
देशद्रोह के आरोप में तिहाड़ जेल में बंद जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्र नेता कन्हैया से मिलने सोमवार को उसके भाई और चाचा तिहाड़ जेल पहुंचे।
इस दौरान कन्हैया का एक दोस्त भी उससे मिलने तिहाड़ पहुंचा था। चारों के बीच करीब 20 मिनट की मुलाकात हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक कन्हैया के भाई और चाचा ने इस पूरी घटना की जानकारी उससे ली और यह भी नसीहत दी कि इन सब चीजों में पड़ने की क्या जरूरत थी।
'जेल में नहीं है कोई खतरा'
देश में जो अभी स्थिति बनी है और उसके बारे में भी कन्हैया के भाई ने उसे बताया। मां का संदेश भी दिया और कहा कि मां ने कहा है कि चिंता करने की जरूरत नहीं है अंत में सच्चाई की ही जीत होगी।
मुलाकात के दौरान कन्हैया ने परिजनों को बताया कि उसे जेल में किसी तरह की दिक्कत नहीं है और न ही यहां कोई खतरा है।
तिहाड़ जेल के एडिश्नल इंस्पेक्टर जनरल मुकेश प्रसाद ने बताया कि सोमवार दोपहर कन्हैया के चाचा, भाई और कन्हैया का एक दोस्त उससे मिलने आया था।