गिरते जल स्तर से डार्क जोन की तरफ बढ़ रहा प्रदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भूजल स्तर के मामले में प्रदेश ‘डार्क जोन’ में जा रहा है। विकास की दौड़ में आगे प्रदेश का भूजल स्तर बीते 42 वर्ष में 60 फीट नीचे जा पहुंचा है। गिरते भूजल स्तर को रोकने के लिए न तो सरकार गंभीर है और न ही आम आदमी।
इसी का नतीजा है कि गुड़गांव, फतेहाबाद, फरीदाबाद, कैथल, रेवाड़ी जिले में भूजल स्तर औसतन 88 फीट से नीचे गिरा है। जबकि इन जिलों के शहरी क्षेत्र में यह 120 फीट से नीचे पहुंच चुका है।
केंद्रीय भूजल बोर्ड और प्रदेश सरकार भूजल स्तर को सुधारने की कवायद भले ही कर रही हो, लेकिन नतीजा सिफर है। हरियाणा में पानी के अंधाधुंध दोहन से भूजल स्तर गत 10 सालों में 26 फीट नीचे चला गया है।
सूबे का 60 फीसदी इलाका डार्क जोन में शामिल हो गया है। गुड़गांव और महेंद्रगढ़ जिलों में ट्यूबवेल का कनेक्शन जारी करने में विशेष सावधानी बरती जा रही है। प्रदेश में वर्ष 2000 में भूजल औसतन 31 फीट पर उपलब्ध था।
जो अब 60 फीट के पार मिल रहा है। सबसे बुरा हाल कुरुक्षेत्र, गुड़गांव, महेंद्रगढ़ का है। यहां 90 फीट के करीब है। प्रदेश में 36 मिलियन एकड़ फुट पानी की जरूरत है, लेकिन उपलब्धता 14 मिलियन एकड़ फुट है।
विशेषज्ञों की मानें तो 2008 से वैज्ञानिक हरियाणा में गंभीर संकट पैदा होने की चेतावनी दे रहे हैं, इसके बावजूद ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। हरियाणा में इस संकट के मूल में वैज्ञानिक खेती के खराब व्यवहार और एनसीआर से सटे जिले में बेतरतीब विकास में पानी का अंधाधुंध दोहन है।
हरियणा में तेजी से औद्योगीकरण हुआ है जिससे पानी की खपत बढ़ी है। खेती के पैटर्न में बदलाव अब हरियाणा को ही भारी पड़ने लगा है। जिला भूजल वैज्ञानिक एमएस लांबा बताते हैं भूजल स्तर के लगातार नीचे जाने के कारण तलाशे गए तो पता चला कि बारिश में भूमिगत जल में जितना सुधार होता है। उससे कहीं ज्यादा उसका दोहन कर लिया जाता है। गुड़गांव में बंदिश के बाद गिरावट की गति धीमी हुई है। अब अवैध ट्यूबवेल पर भी कार्रवाई की जा रही है।
यही हाल रहा तो नहीं बचेगा पानी
यही हाल रहा तो नहीं बचेगा पानी
एनसीआर के क्षेत्र में लगातार भूजल का दोहन होने से जल स्रोत की दशा खराब हो गई है। अवैध दोहन के चलते भूजल का स्तर लगातार नीचे गिर रहा है। जिला प्रशासन द्वारा धारा-144 लगाने के बावजूद भी भूजल के स्तर में कोई सुधार नहीं आ रहा है।
पंजाब, हरियाणा एवं चंडीगढ़ हाईकोर्ट ने अवैध ट्यूबवेल को बंद करने के आदेश दिए थे। फिर भी भूजल स्तर गिरने का सिलसिला जारी है। पर्यावरणविद् कुशाग्र बताते हैं कि इसी तरह रहा तो भूजल नहीं बचेगा। दक्षिण हरियाणा में बारिश कम है। हर जगह पक्के होने के कारण रिचार्ज का स्रोत खत्म हो गया है। रेन वाटर हार्वेस्टिंग के नाम पर ढकोसला किया जाता है।
चेतावनी के बाद भी नहीं सुधार
गुड़गांव में गिरते जलस्तर पर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने करीब दो साल पहले जिले में निर्माण कार्य में भूजल के दोहन पर रोक लगा दी थी। बोरवेल सील किए गए। नहरी पानी की पहुंच वाले कॉलोनाइजर इलाके में पीने के लिए भी भूमिगत जल के दोहन पर पाबंदी लगा रखी थी। कॉलोनियों में भी भूजल दोहन के इस्तेमाल पर सख्ती हुई, इसके बावजूद भूजल स्तर में सुधार नहीं हुआ है।
जिलेवार औसत स्थिति (फीट)
जिले भूजल स्तर
अंबाला 37.71
भिवानी 74.47
फरीदाबाद 58.90
फतेहाबाद 90.02
गुडग़ांव 88.74
हिसार 27.14
जींद 42.44
झज्जर 20.13
कुरुक्षेत्र 110.69
कैथल 79.62
करनाल 59.08
महेंद्रगढ़ 148.22
मेवात 36.05
पलवल 32.52
पानीपत 55.01
पंचकूला 55.64
रोहतक 15.18
रेवाड़ी 78.91
सोनीपत 26.73
सिरसा 60.92
यमुनानगर 40.41