CNG Pump Blast: दिल्ली के टिकरी कलां में सीएनजी स्टेशन पर गैस टैंक फटा, तीन की मौत, तीनों पंप पर करते थे काम
टिकरी कलां के सीएनजी स्टेशन पर बुधवार को वाहन के गैस टैंक में विस्फोट हुआ। इसमें छह लोग घायल हो गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा ने घटना की पुष्टि की।
विस्तार
दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में बुधवार को एक सीएनजी स्टेशन पर वाहन में गैस भरते समय उसके गैस टैंक में जोरदार विस्फोट हो गया। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हैं। तीनों मृतक सीएनजी फिलिंग स्टेशन के कर्मचारी थे।
#WATCH | Delhi: Three people died in a blast in a truck at a CNG refilling pump at Tikri Kalan. The incident occurred when CNG was being pumped into the truck. pic.twitter.com/DpOkcsHQtS
— ANI (@ANI) August 19, 2026
अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोट की चपेट में आने से पास में खड़े छह लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
दिल्ली अग्निशमन सेवा को घटना की सूचना अपराह्न 3.37 बजे मिली, जिसके बाद छह दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। अधिकारी ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
उन्होंने कहा कि विस्फोट के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है। अधिकारी के अनुसार, घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर आवश्यक एहतियाती कदम उठाए और स्थिति को नियंत्रण में किया। घायलों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
मृतकों के नाम-
1. मनीष पिता संजय, उम्र 25 वर्ष
2. ब्रह्मजीत पिता रोहतास, उम्र 34 वर्ष, निवासी निजामपुर
3. सनी पिता नरेश, उम्र 30 वर्ष, निवासी गांव निजामपुर
घायलों के नाम-
1. सुरजीत
2. संजय
3. विपिन