Delhi: जाली दस्तावेज गिरवी रखकर दो करोड़ का गबन, कंपनी मालिक गिरफ्तार, किस्त नहीं चुकाने पर खाता एनपीए घोषित
जांच में पता चला कि आरोपी ने कई बैंकों में संपत्ति का जाली दस्तावेज जमा कर रखा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद सलीम खान के रूप में हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने बैंक में संपत्ति के जाली दस्तावेज जमा कर दो करोड़ रुपये का गबन करने के आरोप में एक कंपनी के मालिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को तीस हजारी अदालत के पास से पकड़ा है। जांच में पता चला कि आरोपी ने कई बैंकों में संपत्ति का जाली दस्तावेज जमा कर रखा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद सलीम खान के रूप में हुई है।
करोलबाग स्थित इलाहाबाद बैंक के मुख्य प्रबंधक धर्मपाल लांबा ने शाखा में धोखाधड़ी की शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि एसके इंटरप्राइजेज के मालिक मोहम्मद सलीम खान और दीपा बत्रा ने बैंक से दो करोड़ रुपये का लोन लिया था। इसके एवज में उन्होंने ओल्ड राजेंद्र नगर के एक प्रॉपर्टी के कागजात को गिरवी रखा था, लेकिन किस्त जमा नहीं करने पर साल 2017 में उनके बैंक खाते को एनपीए घोषित कर दिया गया। जांच करवाने पर बैंक को पता चला कि स्वामित्व विलेख की प्रति जो बैंक में जमा की गई थी, वह जाली हैं। साथ ही इसी संपत्ति के कागजात को अन्य बैंक के पास भी गिरवी रखी गई है। शिकायत पर शाखा ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने जांच के दौरान स्वामित्व दस्तावेज जब्त कर उसकी फोरेंसिक जांच करवाई। पता चला कि आरोपियों ने जाली दस्तावेज को बैंक में जमाकर लोन लिया था। शुरू में आरोपियों ने किस्त का भुगतान करना बंद कर दिया। जिससे खाते को एनपीए घोषित कर दिया गया। जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने सह अभियुक्त को संपत्ति का मालिक बताकर बैंक में जाली दस्तावेज जमा किए। इसी कागजात को अन्य बैंकों में भी गिरवी रखा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए निरीक्षक विजय कसाना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दिल्ली एनसीआर में आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी। आरोपियों के किराए के घर पर कई छापे मारे, लेकिन आरोपी फरार रहे। पुलिस ने आरोपी की तकनीकी निगरानी शुरू की। इस दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी किसी मामले में अपने वकील से सलाह लेने के लिए तीस हजारी अदालत आ सकता है। 25 जुलाई को पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।