साहिल की खैर नहीं: गैंगस्टर भाऊ के करीबी को भारत लाने के प्रयास तेज, अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों से साधा संपर्क
ब्लू कॉर्नर नोटिस पर अमेरिका की सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पकड़े कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के करीबी साहिल को भारत लाने के प्रयास तेज हो गए हैं। इसके लिए देश की सुरक्षा एजेंसियों ने अमेरिका की सुरक्षा एजेंसियों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है।
विस्तार
ब्लू कॉर्नर नोटिस पर अमेरिका की सुरक्षा एजेंसियों द्वारा पकड़े कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के करीबी साहिल को भारत लाने के प्रयास तेज हो गए हैं। इसके लिए देश की सुरक्षा एजेंसियों ने अमेरिका की सुरक्षा एजेंसियों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रमोद कुशवाह अमेरिका सुरक्षा एजेंसियों से संपर्क साध रहे हैं। आरोपी ने तिलक नगर स्थित फ्यूजन कार शोरूम में ताबडतोड़ फायरिंग करने के बाद दिल्ली में ही 20 से 25 लोगों से रंगदारी मांगी थीं। इस मामले मेंभाऊ गिरोह के खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों में सात-आठ प्राथमिकी दर्ज की गईं।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने साहिल के खिलाफ इंटरपोल की मदद से ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करवा रखा था। इसके तहत बदमाश को हिरासत में लिया जाता है और उससे पूछताछ की जाती है। जबकि रेड़कॉर्नर कॉर्नर नोटिस में विदेशी पुलिस वांछित बदमाश को तुरंत गिरफ्तार कर सकती है। साहिल को हिरासत में लेते ही देश की सुरक्षा एजेंसियों ने उसे भारत लाने के लिए अमेरिका सुरक्षा एजेंसियों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रिटौली, रोहतक, हरियाणा निवासी साहिल के खिलाफ 35 से 40 गंभीर आपराधिक मुकद्दमे दर्ज हैं। भाऊ व साहिल फर्जी पासपोर्ट के आधार पर विदेश भाग गए थे।
पुलिस के अनुसार, जिस तरह लारेंस बिश्नोई के लिए गोल्डी बराड़ एक ब्रेन(दिमाग) की तरह काम करता है उसी तरह भाऊ के लिए साहिल एक ब्रेन की तरह काम करता है। वह भाऊ के गिरोह को चलाता है। गिरोह के नाम पर जबरन रंगदारी मांगता है। ये फिरौती के लिए खुद काॅल करता है। किसकी हत्या करनी है और जबरन उगाही के लिए किस पर फायरिंग करनी है ये सब साहिल ही तय करता है। दिल्ली के तिलक नगर इलाके में फ्यूजन कार शोरूम में व उसके बाहर भाऊ के बदमाशों ने पांच मई को फायरिंग की थी। उसके बाद विदेश में बैठे साहिल ने पूरी दिल्ली में कारोबारियों व व्यवसायियों से रंगदारी मांगनी शुरू कर दी। उसने करीब 20 से 25 कारोबारियों से रंगदारी मांगी थी।
रोहतक के रिटोली गांव का रहने वाला है आरोपी हिमांशु
गैंगस्टर हिमांशु भाऊ हरियाणा के रोहतक के रिटोली गांव का रहने वाला है। उसकी उम्र महज 21 साल है। साल 2020 में 17 साल की उम्र में उसने मामूली झगड़े में अपने ही गांव के एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस घटना से उसकी एंट्री अपराध की दुनिया में हो गई। गोलीबारी के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग होने के कारण उसे हिसार के बाल सुधार गृह में भेजा गया। वह वहां से फरार होने में सफल रहा। इसके बाद पूरी तरह से अपराध की दुनियां में उतर गया।
लंबे समय से गिरोह का कर रहा संचालन
हरियाणा के रोहतक का रहने वाला साहिल लंबे वक्त से हिमांशु भाऊ के साथ अमेरिका में मौजूद है और वहीं से अपने सिंडिकेट को भारत में चला रहा है। एजेंसियों के मुताबिक उसने पासपोर्ट हासिल करने के लिए धोखाधड़ी से फर्जी पते और फर्जी पहचान वाले दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। इनकी मदद से वो भारत में उसके खिलाफ चल रही जांच से बचकर विदेश भाग गया।