Single Use Plastic: पाबंदी का पहले दिन बाजारों में नहीं दिखाई दिया असर, लोगों ने कहा- हमें इस बारे में जानकारी ही नहीं
दिल्ली में शुक्रवार से एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध लग गया। बावजूद इसके, दिल्ली के बाजारों में इसका इस्तेमाल आम था। करीब सभी बाजारों में सामान लेने पहुंचे लोगों के हाथों में सिंगल यूज प्लास्टिक दिखाई दिया। इस दौरान लोगों ने कहा कि उन्हें सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगने के बारे में मालूम नहीं है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्लास्टिक के इस्तेमाल पर लगी पाबंदी के पहले दिन राजधानी में कोई खास असर दिखाई नहीं दिखा। हर तरफ एकल उपयोग प्लास्टिक से बने सामान नजर आए। आम लोग हाथ में प्लास्टिक बैग लिए बेफिक्री से चहलकदमी कर रहे थे। सवाल करने पर उन्होंने जानकारी न होने का जवाब दिया।
वहीं, पूछताछ करने पर सतर्क दुकानदारों ने प्लास्टिक की पाबंदी का हवाला देकर मनाही कर दी। हालांकि, वह इसका इस्तेमाल भी करते रहे। इसकी बानगी एमसीडी की कार्रवाई से नजर आई। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में निगम ने 689 किलो प्लास्टिक जब्त करने के साथ 368 चालान किए गए।
राजधानी में शुक्रवार से एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध लग गया है। बावजूद इसके, दिल्ली के बाजारों में इसका इस्तेमाल आम था। करीब सभी बाजारों में सामान लेने पहुंचे लोगों के हाथों में सिंगल यूज प्लास्टिक दिखाई दिया। इस दौरान लोगों ने कहा कि उन्हें सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगने के बारे में मालूम नहीं है। इसके अलावा हमने दुकानदार से प्लास्टिक की थैली भी नहीं मांगी थी। दुकानदार ने स्वयं ही प्लास्टिक की थैली में सामान डालकर दे दिया।
उधर, दुकानदारों ने नाम बताने और फोटो कराने से गुरेज करते कहा कि उन्होंने अपनी दुकानों पर प्लास्टिक थैलियों के स्थान पर कागज, जूट एवं कपड़े आदि के थैले व थैलियों में सामान देना शुरू किया। व्यापारियों के सबसे बड़े संगठन ने कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने दुकानदारों को सलाह दी कि वह अपनी दुकानों में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचें। इसके अलावा उन निर्माताओं व सप्लायरों का बहिष्कार करें जो उनको सिंगल यूज प्लास्टिक की पैकिंग में सामान देता है।
भाजपा ने प्रधानमंत्री का आभार जताया
दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने सिंगल यूज प्लास्टिक बैन करने के लिए केंद्र की मोदी सरकार का धन्यवाद किया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में उपयोग होने वाला ज्यादातर सिंगल यूज प्लास्टिक वेस्ट (कचरा) इन्फॉर्मल सेक्टर में जा रहा है। कई प्लास्टिक ऐसे हैं, जिन्हें कोई लेने को तैयार नहीं है। इनमें खाने के सामानों के पैकेट, नूडल्स के पैकेट, बिस्किट और चिप्स के मल्टी लेयर पैकेट आदि शामिल हैं। ये सभी दिल्ली की लैंडफिल साइटों पर ही जाता है। उन्होंने कहा कि यह प्लास्टिक लैंडफिल साइट में पड़े-पड़े मिट्टी, पानी आदि को प्रदूषित कर रहा है। ऐसे में इनके बैन होने से राजधानी में प्रदूषण को कम करने में सहायता मिलेगी।
निगरानी के लिए 125 दलों का गठन
एमसीडी ने प्रतिबंधित वस्तुओं के भंडारण, बिक्री और उपयोग को समाप्त करने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर 125 दल गठित किए गए हैं। क्षेत्रीय स्तर पर टीमें जनता, सड़क विक्रेताओं, दुकानदारों, बाजार संघों आदि को सब्जी/फल मंडियों में सिंगल यूज प्लास्टिक के स्थान पर जूट या कपड़े के थैले के उपयोग के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।
दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश हो रही है। इस कारण सामान भीगने की आशंका थी। लिहाजा, उन्होंने दुकानदार से प्लास्टिक की थैली में सामान देने का आग्रह किया और उन्होंने मुझे प्लास्टिक की थैली में सामान देने से मना नहीं किया। - मोहम्मद दानिश, नोएडा
मुझे सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के बारे में मालूम नहीं था। इस कारण उन्होंने दुकानदार से प्लास्टिक की थैली में सामान ले लिया, मगर अब उन्हें इस बारे में पता चल गया है और वह कभी भी इसमें सामान नहीं लेंगे। - प्राजूल सिंह, राजस्थान निवासी
व्यापारियों व उनके कर्मचारियों से सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध के आदेश का पालन करने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। यह अभियान 31 जुलाई तक चलेगा। इस अभियान में ज्यादातर व्यापारी संगठन जुटे हैं। वे बाजारों में व्यापारियों के बीच इस अभियान को चलाएंगे। - प्रवीन खंडेलवाल, महामंत्री, कैट