नारद जयंती पर अमर उजाला के संपादक हुए सम्मानित
कार्यक्रम में अमर उजाला के संपादक (दिल्ली) उदय कुमार को प्रसार भारती के चेयरमैन ए. सूर्यप्रकाश ने सम्मानित किया। इस मौके पर सम्मानित होने वाले अन्य पत्रकारों में वरिष्ठ पत्रकार सुमित अवस्थी, श्वेता सिंह, मानस प्रतीक गोहेन, पंकज शर्मा, संतोष कुमार, सत्यदेव यादव, पवन मिश्रा, मधुलिका सिंह शामिल रहे।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रसार भारती के चेयरमैन ए. सूर्यप्रकाश के अलावा विधायक विमला बाथम, आरएसएस के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश, आरएसएस के प्रांत प्रचार प्रमुख अजय मित्तल और वरिष्ठ पत्रकार रामबहादुर राय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए प्रसार भारती के चेयरमैन ने कहा कि उनके संस्था की जिम्मेदारी संसद ने तय की है और प्रसारण में कई बिंदुओं का ध्यान रखना होता है।
इसमें देश की एकता और अखंडता समेत चार बिंदु शामिल हैं। यह प्रसार भारती के एक्ट में शामिल है। वहीं आरएसएस के इंद्रेश ने कहा कि भारत एकमात्र ऐसा देश है, जहां विश्व की सैकड़ों जातियों व उपजातियों के लोग रहते हैं। ऐसे में भारतीय को असहिष्णु कहना गलत है। उन्होंने नारद जी के बारे में कहा कि उन्होंने कभी भी अपना मत नहीं दिया, बल्कि तथ्य पेश किया।