फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   East Delhi Son Robs Father of 10 Lakhs

बेटे ने पिता से 10 लाख लूटे: गोली चलाकर छीना बैग, कांड के बाद दिल्ली से बिहार भागे; पकड़े जाने पर बताया मकसद

Wed, 01 Apr 2026 10:05 PM IST
अनुज कुमार अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली Published by: अनुज कुमार Updated Wed, 01 Apr 2026 10:05 PM IST
सार

दिल्ली में 10 लाख की लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा हो गया है। पुलिस ने मात्र 24 घंटे में मामले से पर्दा उठाते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बेटे ने पिता से 10 लाख रुपये लूटने की योजना बनाई थी।

विज्ञापन
East Delhi Son Robs Father of 10 Lakhs
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में मंगलवार सुबह गोली चलाकर 10 लाख रुपये की लूट की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। वारदात किसी और ने नहीं बल्कि शिकायतकर्ता के बेटे ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दी थी। पुलिस ने 24 घंटे में लूट की इस सनसनीखेज वारदात से पर्दा उठाकर बेटे समेत तीन आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान तवलीन उर्फ रेहत सिंह (21), बिहार निवासी मोहित कुमार तिवारी (22) और पंकज (22) के रूप में हुई है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए 10 लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद कर ली है। मुख्य आरोपी तवलीन ने मौज मस्ती करने के लिए अपने पिता को ही लूटने की योजना बना ली।

विज्ञापन


वारदात को अंजाम देने के लिए उसने पिता की ही प्रिंटिंग प्रेस में काम करने वाले दो दोस्तों को तैयार किया। मोहित ने 45 हजार रुपये में बिहार के मुंगेर से पिस्टल का इंतजाम किया। वारदात के समय बेटा स्कूटी चला रहा था। इस बीच मोहित ने हवा में दो गोली चलाकर तवलीन के पिता की कार से बैग लूट लिया। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10.55 बजे लक्ष्मी नगर के कुंदन नगर गली नंबर-3 से पुलिस को 10 लाख रुपये लूट की एक कॉल मिली। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। टीम को मौके पर जितेंद्र सिंह नामक शख्स मिले। उन्होंने बताया कि वह परिवार के साथ ढाका नगर, मुखर्जी नगर में रहते हैं।
विज्ञापन


बुराड़ी में इनकी प्रिंटिंग प्रेस है। जितेंद्र ने कुंदन नगर में रहने वाले अपने दोस्त से 10 लाख रुपये उधार लिए हुए थे। मंगलवार को वह कार में सवार होकर दोस्त के रुपये लौटाने निकले थे। इस बीच गली नंबर-3, कुंदन नगर पहुंचने पर स्कूटी सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उनको रोक लिया। स्कूटी के पीछे बैठे युवक ने हवा में दो राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद कार की सीट पर रखा बैग लेकर बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। जांच के लिए तीन टीमों का गठन किया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

पिता ने ही सीसीटीवी फुटेज देखकर बेटे को पहचाना
लक्ष्मी नगर थाना प्रभारी अजीत कुमार झा व अन्यों ने बेहद बारीकी से करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। इस बीच सीसीटीवी की जांच करते हुए टीम आनंद विहार बस अड्डे तक पहुंच गई। यहां पहुंचकर स्कूटी सवार दो बदमाशों ने अपना नकाब हटाया। फुटेज जितेंद्र को दिखाई। इसको देखते ही जितेंद्र ने फौरन अपने बेटे को पहचान लिया।

जितेंद्र ने बताया कि वारदात के समय स्कूटी चला रहा युवक उसका बेटा ही है। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मंगलवार देर रात को जितेंद्र के बेटे तवलीन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने लूटपाट की गुत्थी को स्वीकार कर लिया। अपने बाकी दो साथियों के नाम भी बता दिए।

लखनऊ टोल प्लाजा से पकड़े गए दो आरोपी
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने मोहित कुमार तिवारी और पंकज नामक आरोपियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। दोनों आरोपी वारदात के बाद आनंद विहार आईएसबीटी से बस में सवार होकर बिहार के लिए निकल गए हैं। सूचना के बाद एक टीम को फौरन बिहार के लिए रवाना कर दिया गया।

इस बीच टीम ने पीछा करते हुए लखनऊ टोल प्लाजा के पास से बस में दो आरोपी मोहित कुमार व पंकज को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपना हाथ होने की बात स्वीकार कर ली। मोहित व पंकज ने बताया कि वह जितेंद्र की प्रिंटिंग प्रेस में काम करते हैं। तवलीन से उनकी दोस्ती है। तवलीन ने ही उनको लूट के लिए कहा था।

तवलीन के कहने पर मोहित ने बिहार से 45 हजार रुपये में एक पिस्टल का इंतजाम किया। वारदात वाले दिन दोनों तवलीन के साथ उसके कमरे पर रहे। जैसे ही जितेंद्र कैश लेकर घर से निकले, तवलीन और मोहित ने उनका पीछा शुरू कर दिया। कुंदन नगर में मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया गया।

मौज-मस्ती के लिए चाहिए थे तवलीन को रुपये
तवलीन 12वीं कक्षा तक पढ़ा है और पिता के साथ प्रिंटिग प्रेस में काम करता है। वहीं मोहित ग्रेजुएट है और प्रिंटिंग प्रेस में काम करता है। वहीं पंकज भी 12वीं तक ही पढ़ा है। तवलीन को मौज-मस्ती करने का शौक है। उसके बेहद महंगे शौक भी है। इसी वजह से उसने अपने पिता को ही लूटने की योजना बना ली और वारदात को अंजाम दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed