{"_id":"6ac29f6edcf36ad4f20cddf4","slug":"dilapidated-roads-in-the-marble-market-to-be-spruced-up-development-works-worth-delhi-ncr-news-c-26-1-fbd1023-81775-2026-10-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi NCR News: मार्बल मार्केट की खस्ताहाल सड़कें होंगी चकाचक, 4.68 करोड़ से होंगे विकास कार्य","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi NCR News: मार्बल मार्केट की खस्ताहाल सड़कें होंगी चकाचक, 4.68 करोड़ से होंगे विकास कार्य
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद।
सेक्टर-21सी की मार्बल मार्केट और सेक्टर-46 कम्युनिटी सेंटर के आसपास लंबे समय से खराब सड़कों, टूटे पार्किंग स्थल, जलभराव और सीवर की समस्या से जूझ रहे लोगों को राहत मिलेगी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने इन क्षेत्रों की सड़कों और पार्किंग स्थल की विशेष मरम्मत एवं उन्नयन की योजना तैयार की है। परियोजना पर करीब 4.68 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें सड़क निर्माण के साथ जलनिकासी, सीवर सफाई, पार्किंग सुधार और बारिश के पानी के पुनर्भरण की व्यवस्था भी की जाएगी।
भारी वाहनों की आवाजाही के लिए बनेगी मजबूत सीसी सड़क : सेक्टर-21सी की मार्बल मार्केट में दिनभर भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। इससे सड़कें जल्दी क्षतिग्रस्त हो जाती हैं और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। योजना के तहत यहां एम-40 ग्रेड की सीमेंट कंक्रीट सड़क बनाई जाएगी। करीब 11,822 घन मीटर क्षेत्र में खुदाई और जमीन की कंपैक्टिंग की जाएगी। इसके अलावा करीब 4,262 वर्ग मीटर क्षेत्र में 80 एमएम मोटे इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे। इससे वाहनों के साथ पैदल चलने वालों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन
सेक्टर-46 में पार्किंग और बाउंड्री वॉल सुधरेगी : सेक्टर-46 कम्युनिटी सेंटर के आसपास पार्किंग स्थल को भी दुरुस्त किया जाएगा। यहां आरसीसी कंक्रीट, प्लास्टर, मैनहोल कवर और अन्य जरूरी सिविल कार्य किए जाएंगे। बाउंड्री वॉल की मरम्मत के साथ उसके सौंदर्यीकरण के लिए जीआरसी क्ले टाइल्स लगाई जाएंगी। इससे पार्किंग व्यवस्थित होने के साथ कम्युनिटी सेंटर के आसपास का क्षेत्र भी बेहतर होगा।
विज्ञापन
जलभराव रोकने के साथ भूजल भी रिचार्ज होगा : बारिश में सड़कों और पार्किंग में पानी भरने की समस्या को देखते हुए परियोजना में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी शामिल किया गया है। करीब 150 मीटर गहराई तक बोरवेल और रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिट बनाए जाएंगे। गिट्टी, बोल्डर और बालू की परतों के जरिए बारिश के पानी को जमीन में पहुंचाया जाएगा। इससे जलभराव कम करने के साथ भूजल पुनर्भरण में मदद मिलेगी।
450 एमएम सीवर लाइन की होगी डी-सिल्टिंग : क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर करने के लिए 450 एमएम व्यास की सीवर लाइनों की मैकेनिकल डी-सिल्टिंग की जाएगी। सीवर में जमा गाद और कचरा हटने से पानी की निकासी बेहतर होगी। खासकर बारिश के दौरान जलभराव की समस्या कम करने में इससे मदद मिलेगी। सड़क, पार्किंग, सीवर और जलनिकासी से जुड़े कार्यों को एक ही परियोजना में शामिल किए जाने से स्थानीय लोगों को कई समस्याओं से एक साथ राहत मिलेगा।
सेक्टर-21सी की मार्बल मार्केट में सड़क, पार्किंग, जलनिकासी और अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इससे क्षेत्र की मौजूदा समस्याओं का समाधान होगा और व्यापारियों के साथ स्थानीय निवासियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।- संदीप दहिया, कार्यकारी अभियंता, एचएसवीपी