प्रभात ने किया पाप: यौन इच्छा पूरी न होने पर लड़की के अश्लील फोटो भाई को भेजे, पीड़िता का रिश्तेदार है आरोपी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद कर लिया। पूछताछ में प्रभात ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह शिकायतकर्ता की बहन को ब्लैकमेल कर अपनी निजी इच्छाओं और मांगों को पूरा करना चाहता था।
विस्तार
उत्तर पश्चिम जिला साइबर सेल ने यौन इच्छा पूरी नहीं करने पर एक युवती के अश्लील फोटो को वायरल करने और उसे ब्लैकमेल करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बुलंदशहर यूपी निवासी प्रभात चौधरी उर्फ पीयूष (28) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक फोन बरामद किया है।
भाई ने की है शिकायत
जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि 27 जुलाई को उत्तर पश्चिम जिला साइबर सेल में एक युवक ने इंस्टाग्राम के जरिए बहन को परेशान करने की शिकायत दी। जिसमें उसने बताया कि किसी व्यक्ति ने उन्हें इंस्टाग्राम के जरिए उनकी बहन की अश्लील फोटो और वीडियो भेजी है। आरोपी उनकी बहन को उसके निजी फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रहा था और धमकी दे रहा था कि यदि उसकी यौन इच्छा पूरी नहीं की तो वह उसकी अश्लील फोटो और वीडियो को वायरल कर देगा।
यूपी का रहने वाला है आरोपी
शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। निरीक्षक दिनेश दहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। तकनीकी जांच में पता चला कि आरोपी बुलंदशहर यूपी का रहने वाला है। पुलिस ने लोकेशन के जरिए आरोपी के घर पर दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी जांच शुरू की। तकनीकी निगरानी करने के बाद पुलिस ने आरोपी प्रभात चौधरी उर्फ पीयूष को बुलंदशहर उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने बना रखे हैं कई इंस्टाग्राम आईडी
जांच में पता चला कि वह शिकायतकर्ता का करीबी रिश्तेदार है। शिकायतकर्ता की बहन की अश्लील सामग्री भेज रहा था क्योंकि उसकी मांगें पूरी नहीं हुई थी। अपनी पहचान और गतिविधियों को छिपाने के लिए वह कई इंस्टाग्राम अकाउंट्स का इस्तेमाल कर रहा था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वह मोबाइल फोन बंद रखता था और व्यू वन्स मोड में कंटेंट भेजता था।
आरोपी ने कबूल किया गुनाह
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद कर लिया। पूछताछ में प्रभात ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह शिकायतकर्ता की बहन को ब्लैकमेल कर अपनी निजी इच्छाओं और मांगों को पूरा करना चाहता था। पुलिस उसके अन्य साथियों और अन्य मामलों में संलिप्तता की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर पहले से कोई मामला दर्ज नहीं है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।