Delhi Weather: तेज हवाओं ने बढ़ाई ठंड, न्यूनतम तापमान रहा सामान्य से एक डिग्री कम, जानें- IMD की भविष्यवाणी
दिसंबर के पहले सप्ताह के मध्य तक अमूमन न्यूनतम तापमान 8.9 रहता है, लेकिन अभी न्यूनतम तापमान 8.3 से 8.5 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो चार-पांच दिन उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा।
विस्तार
बीते तीन दिनों से पश्चिम की ओर से आ रही तेज हवाओं ने दिल्ली में सर्दी को बढ़ा दिया है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा रही है। गुरुवार को भी न्यूनतम तापमान में सामान्य से एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दिसंबर के पहले सप्ताह के मध्य तक अमूमन न्यूनतम तापमान 8.9 रहता है, लेकिन अभी न्यूनतम तापमान 8.3 से 8.5 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो अगले सप्ताह तक न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज होने लगेगी।
दिल्ली में गुरुवार को दिनभर गुनगुनी धूप रही। अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पालम, मयूर विहार व मुंगेशपर इलाके में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इन केंद्रों पर अधिकतम तापमान एक समान 23.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि लोदी रोड व मुंगेशपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिल्ली के 10 मौसम केंद्रों में से सात केंद्रों पर न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस से ऊपर ही दर्ज हुआ। मौसम विभाग की मानें तो चार-पांच दिन उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा।
ये भी जानें-
पूर्वानुमान: आसमान साफ व सुबह के समय हल्की धुंध रहेगी।
अधिकतम तापमान: 24.8 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: 8.3 डिग्री सेल्सियस
9 दिसंबर को सूर्यास्त: शाम 5 बजकर 25 मिनट
10 दिसंबर को सूर्योदय: सुबह 7 बजकर 3 मिनट
प्रदूषण कम फिर भी वायु गुणवत्ता खराब
प्रदूषण कम होने के बाद भी दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 281 दर्ज किया गया। पिछले करीब एक हफ्ते से लगातार बेहद खराब रहने के बाद सुधार के बावजूद हवा खराब श्रेणी में है। एनसीआर के दूसरे शहरों में भी एक्यूआई खराब रही जबकि गाजियाबाद में सामान्य (मॉडरेट) रही। फरीदाबाद में एक्यूआई सबसे कम 200 जबकि गुरुग्राम 219, गाजियाबाद 230, ग्रेटर नोएडा 238 जबकि नोएडा में सूचकांक 239 रहा। ब्यूरो