{"_id":"68f2a5d7fe7ebeb4d30ac527","slug":"delhi-two-killed-in-shastri-park-over-money-transaction-2025-10-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi: शास्त्री पार्क में रुपयों के लेन-देन में दो की हत्या, रंजिश के चलते पटेल नगर में युवक को चाकू से गोदा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi: शास्त्री पार्क में रुपयों के लेन-देन में दो की हत्या, रंजिश के चलते पटेल नगर में युवक को चाकू से गोदा
Sat, 18 Oct 2025 01:54 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 18 Oct 2025 01:54 AM IST
विज्ञापन
demo
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर पूर्वी जिला के शास्त्री पार्क इलाके में बृहस्पतिवार देर रात एक युवक और उसके ममेरे भाई की हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों की शिनाख्त 25 साल के उमाम उर्फ उभम और 27 साल के नदीम के रूप में हुई है। दोनों इलाके में अचेत अवस्था में पड़े थे। पुलिस ने दोनों को पास के अस्पताल में लेकर गई जहां उमाम को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि नदीम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। शुरुआती जांच के बाद पुलिस रंजिश की आशंका जता रही थी। फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने रुपये के लेन-देन के विवाद में उन्हें गोली मारी थी।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक उमाम अपने परिवार के कैलाश नगर में रहता था। वहीं नदीम उसके मामा का बेटा था। नदीम अपने परिवार के साथ रहता था। जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात सर्विस रोड पर एक युवक के अचेत पड़े होने की जानकारी मिली। पुलिस ने देखा कि युवक के पेट से खून निकल रहा है। पुलिस उसे लेकर जगप्रवेश अस्पताल पहुंची जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर ही रही थी कि पुलिस को फल मंडी इलाके में एक अन्य युवक के घायल अवस्था में पड़े होने की जानकारी मिली। पुलिस उसे लेकर अस्पताल ले गई, जहां से डॉक्टरों ने उसे जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। उसकी पहचान कैलाश नगर निवासी नदीम के रूप में हुई। जांच में पता चला कि दोनों युवक आपस में रिश्तेदार हैं। नदीम उमाम का ममेरा भाई है।
विज्ञापन
परिवार वालों से पूछताछ में पता चला कि उमाम का कुछ दिन पहले कुछ लड़कों से विवाद हुआ था। शुरुआत में पुलिस ने आपसी रंजिश में हत्या की आशंका जताई। इसी बीच दूसरे घायल नदीम की जीटीबी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने विजय विहार लोनी निवासी 23 साल के असरफ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से पिस्टल, तीन कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली। आरोपी ने बताया कि उनके बीच पैसों का विवाद था।
विज्ञापन
हमलावरों ने फोन कर बुलाया था
उमाम के पिता मोहम्मद मियां ने बताया कि रात करीब दस बजे उमाम को किसी ने फोेन कर बुलाया था। फोन आने के बाद वह अपने ममेरे भाई नदीम को साथ लेकर पैदल ही घर से निकल गया। पिता का कहना है कि उमाम का किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, कुछ दिन पहले कुछ लड़कों से उसका विवाद हो गया था। पिता ने बताया कि पुलिस ने उमाम के फोन को जब्त कर लिया है। उन लोगों को पता नहीं है कि किसने उसे फोन किया था और किस वजह से हमलावरों ने दोनों को गोली मारी है।
वर्चस्व के लिए युवक को चाकू से गोदा, तीन नाबालिग को पकड़ा
पटेल नगर थाना पुलिस ने क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में तीन नाबालिगों को पकड़ा है। यह सभी भगत सिंह गिरोह के सदस्य हैं। इस गिरोह का सरकार समूह के सदस्यों के साथ रंजिश चल रही है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो चाकू बरामद बरामद किए हैं। मध्य जिला पुलिस उपायुक्त निधिन वाल्सन ने बताया कि 10 अक्तूबर को पटेल नगर थाना पुलिस को मारपीट की सूचना मिली।
पुलिस को पता चला कि लड़कों के एक समूह के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें एक युवक रोशन पर चाकू से हमला किया गया था। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां वह बयान देने की हालत में नहीं था। पुलिस ने हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस टीम ने एक संदिग्ध की पहचान कर उसे पकड़ा। बाद में उसकी निशानदेही पर दो अन्य को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि नाबालिगों ने इलाके में गिरोह बना रखा है। आरोपी भगत सिंह गिरोह से जुड़ा है, जो मोती नगर, बलजीत नगर, आनंद पर्वत और पांडव नगर इलाकों में सक्रिय है। इनका सरकार समूह के साथ प्रतिद्वंद्विता है।
