दिल्ली के शुभन बने ऑल इंडिया जेईई मेन-2019 के टॉपर, रोहतक के द्रव्य मारवाह ने किया हरियाणा फतह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने सोमवार देर शाम जेईई मेन की दो बार आयोजित जेईई मेन जनवरी 2019 और जेईई मेन अप्रैल 2019 परीक्षा के बेस्ट स्कोर के आधार पर रैकिंग जारी कर दी। दिल्ली के शुभन श्रीवास्तव देशभर में टॉपर रहे हैं, जबकि कर्नाटक के केविन मार्टिंन दूसरे, मध्य प्रदेश के ध्रुव अरोड़ा तीसरे और पंजाब के जयेश सिंगला चौथे स्थान पर रहे। 24 छात्रों ने सौ फीसदी पर्सेंटाइल हासिल किया है। एनटीए की ओर से जारी रैंकिंग के आधार 2 लाख 45 हजार छात्रों को आईआईटी में दाखिले के लिए आयोजित जेईई एडवांस 2019 की परीक्षा में भाग लेने का मौका मिलेगा।
ये रहे स्टेट टॉपर
एनटीए ने नेशनल टॉपर की सूची के साथ-साथ पहली बार स्टेट टॉपर की सूची भी जारी की है। इसमें आकाश सोलंकी हिमाचल प्रदेश टॉपर, अमन यादव जम्मू कश्मीर, द्रव्य मारवाह व जितेंद्र यादव हरियाणा, शुभम श्रीवास्तव दिल्ली, दिशांक जिंदल चंडीगढ़, जयेश सिंगला पंजाब, प्रतीक टिंबरवाल उत्तराखंड व हिमांशु गौरव सिंह उत्तरप्रदेश टॉपर है। इन सभी ने 100 पर्सेंटाइल हासिल किए हैं।
तीन से चार घंटे पढ़ाई कर हासिल की सफलता: शुभन
सफलता के लिए दिनरात पढ़ाई करने की होड़ के भारी दबाव के बीच जेईई मेन 2019 टॉपर दिल्ली निवासी शुभन श्रीवास्तव का यह कहना कि उसने महज 3-4 घंटे नियमित पढ़ाई कर इस मुकाम को हासिल किया है वाकई में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे युवाओं को सुकून देने वाला है। शुभन ने कहा कि विषय वस्तु को रटने के बजाय कंसेप्ट क्लीयर होना जरूरी है।
कंप्यूटर इंजीनियर बनने के सपने को हासिल करने की राह पर बढ़ चुके शुभन का कहना है कि उसे इतना भरोसा तो था कि अच्छे अंक आएंगे, लेकिन यह उम्मीद नहीं थी कि देशभर में टॉप करेगा। उसकी इच्छा है कि कंप्यूटर साइंस में कुछ नया करूं ताकि देश हित में योगदान दे सकूं।
अमर उजाला से विशेष बातचीत में द्वारका सेक्टर 22 में रहने वाले शुभन ने बताया कि दसवीं पास करने के बाद से ही इंजीनियरिंग में भविष्य बनाने का सपना देखा। इसीलिए 11वीं में मैथ्स लिया। एनसीईआरटी की किताबों के साथ महज तीन से चार घंटे तक नियमित पढ़ाई करता था। उसे खाली समय स्टोरी बुक्स व चैस खेलना पसंद है। उसने कहा कि वह दिनरात किताबों को पकड़कर नहीं रखता। एनसीईआरटी की किताबों से तैयारी की और कैमिस्ट्री पर सबसे ज्यादा जोर दिया। शुभन ने माउंट कार्मल स्कूल द्वारका से 12 वीं तक की पढ़ाई की। उसके पिता अनूप कुमार एयर इंडिया में अधिकारी और मां रुचि गृहिणी हैं। बहन आयुषी आईआईआईटी दिल्ली में कंप्यूटर साइंस में बीटेक की पढ़ाई कर रही हैं।
सक्सेस मंत्र: पढ़ाई और अच्छे अंक लेने के लिए कभी तनाव नहीं लिया। पढ़ाई करते रहने के बाद चैस खेलकर और कहानियां पढ़कर फ्र्रेश हो जाता था।
लक्ष्य: जेईई एडवांस क्लियर कर आईआईटी दिल्ली या आईआईटी मुंबई से कंप्यूटर साइंस से इंजीनियरिंग में दाखिला लेना।