{"_id":"6ac714790f9af0d53d07206e","slug":"delhi-rohini-police-arrested-four-accused-with-counterfeit-notes-worth-10-50-lakh-2026-10-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"10.50 लाख के जाली नोट जब्त: रोहिणी पुलिस ने किया भंडाफोड़, जापानी पार्क के पास चार दबोचे; ऐसे पकड़ा पूरा गैंग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
10.50 लाख के जाली नोट जब्त: रोहिणी पुलिस ने किया भंडाफोड़, जापानी पार्क के पास चार दबोचे; ऐसे पकड़ा पूरा गैंग
Thu, 08 Oct 2026 09:28 AM IST
अनुज कुमार
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Published by: अनुज कुमार
Updated Thu, 08 Oct 2026 09:28 AM IST
सार
रोहिणी जिले में पुलिस ने जाली नोट छापने और बाजार में खपाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 10.50 लाख रुपये मूल्य के जाली नोट बरामद किए हैं।
विज्ञापन
जाली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रोहिणी जिले में पुलिस ने जाली नोट छापने, आपूर्ति करने और उन्हें बाजार में खपाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के जयपुर निवासी पुष्कर राज पुरबिया उर्फ डॉक्टर, बाड़मेर निवासी गोसाई राम, हरियाणा के सोनीपत निवासी साहिल खरब और राजस्थान के चूरू जिले के निवासी नरेंद्र कुमार के रूप में हुई। आरोपियों के पास से 10.50 लाख मूल्य के जाली नोट बरामद किए गए हैं।
विज्ञापन
रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) शशांक जयसवाल ने बताया कि 30 सितंबर को प्रशांत विहार थाना क्षेत्र में जापानी पार्क के पास छापा मारकर पुष्कर, गोसाई और साहिल को पकड़ा था और उनके पास से 500-500 के जाली नोट और नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद हुआ। पुलिस ने इस संबंध में एक अक्तूबर को प्रशांत विहार थाने में मामला दर्ज किया।
विज्ञापन
डीसीपी ने बताया कि इसके बाद पूछताछ और तकनीकी निगरानी के आधार पर नरेंद्र कुमार को राजस्थान के चूरू से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के ठिकानों की तलाशी में प्रिंटिंग उपकरण, डिजिटल उपकरण, प्रिंटिंग सामग्री और अन्य सामान बरामद हुआ, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर जाली नोट तैयार करने और छापने में किया जाता था।
विज्ञापन
डीसीपी के अनुसार, जांच के दौरान 500-500 मूल्य के जाली नोटों की 21 गड्डियां बरामद हुईं। उन्होंने बताया कि पुष्कर प्रॉपर्टी डीलर है और जाली नोटों की तैयारी तथा प्रसार के लिए अन्य आरोपियों के साथ समन्वय करता था, जबकि गोसाई राम पर सामान जुटाने और ऑनलाइन स्रोतों तथा सोशल मीडिया के जरिये जाली नोट तैयार करने की प्रक्रिया सीखने का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि साहिल पर सामग्री जुटाने, सोनीपत में परिसर की व्यवस्था करने तथा जाली नोटों की तैयारी और प्रसार में मदद करने का आरोप है। नरेंद्र कुमार पर पुष्कर और गोसाई के संपर्क में होने तथा सामग्री जुटाने में मदद करने का संदेह है।