Ramlila: लंका फतह के करीब पहुंची प्रभु राम की सेना, रावण के पुत्रों के वध का मंचन; गूंजे श्रीराम के जयकारे
लालकिला मैदान में श्री धार्मिक लीला कमेटी ने रावण की कुंभकर्ण से भेंट, कुंभकर्ण वध के अलावा मेघनाद और अहिरावण के वध का मंचन हुआ। वहीं नवश्री धार्मिक लीला कमेटी की लीला में कलाकारों ने कुंभकर्ण एवं मेघनाथ के वध का मंचन किया।
विस्तार
दिल्ली में चल रही विभिन्न रामलीलाओं में सोमवार को कुंभकर्ण, अहिरावण और मेघनाद के साथ-साथ रावण के अन्य पुत्रों के वध का मंचन किया गया। प्रभु श्रीराम की सेना लंका फतह के करीब पहुंच गई। मंचन देखकर आयोजन स्थल पर चारों ओर प्रभु राम के जयकारे गूंजने लगे।
लालकिला मैदान में श्री धार्मिक लीला कमेटी ने रावण की कुंभकर्ण से भेंट, कुंभकर्ण वध के अलावा मेघनाद और अहिरावण के वध का मंचन हुआ। वहीं नवश्री धार्मिक लीला कमेटी की लीला में कलाकारों ने कुंभकर्ण एवं मेघनाथ के वध का मंचन किया। लवकुश रामलीला कमेटी की लीला में प्रभु राम-कुंभकर्ण और लक्ष्मण-मेघनाथ के बीच युद्ध व उनके व अहिरावण के वध का मंचन हुआ। रामलीला मैदान में श्री रामलीला कमेटी की लीला में कुंभकर्ण और मेघनाद वध का मंचन हुआ।
डेरावाल नगर की नव श्री मानव धर्म रामलीला कमेटी ने कुंभकर्ण, मेघनाद एवं अहिरावण वध का मंचन किया गया। कमेटी की ओर से मंगलवार को रावण वध के बाद दस हजार दीये जलाकर अयोध्या जैसा जीवंत दृश्य प्रस्तुत किया जाएगा। उधर, श्रीधार्मिक लीला कमेटी दक्षिण दिल्ली ने भी कुंभकर्ण और मेघनाद वध की लीला की। इस दौरान चारों ओर प्रभु राम का जयकारे लगे। इसके अलावा श्री राम धार्मिक रामलीला समिति जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कुंभकर्ण, मेघनाद व अहिरावण की वध की लीला की गई।
श्री रामलीला कमेटी इंद्रप्रस्थ की लीला में कुंभकर्ण, मेघनाद और अहिरावण वध का मंचन हुआ। आदर्श रामलीला कमेटी अशोक विहार की लीला में कुंभकर्ण व मेघनाद के साथ हुए युद्ध का हाईटेक अंदाज में मंचन हुआ। वहीं अशोक विहार रामलीला कमेटी फेज-एक की लीला में कुंभकर्ण एवं मेघनाद वध की लीला का आकर्षित मंचन किया गया। श्री रामलीला कमेटी पी यू ब्लाॅक पीतमपुरा ने कुंभकर्ण, मेघनाद और अहिरावण वध का मंचन किया।
कहीं बुढ़िया के बाल तो कहीं विशेष जलेबी से जागेगा कुंभकरण
राजधानी में अलग-अलग जगह आयोजित हो रही रामलीला में कुंभकरण को सोया चाप और जलेबी खिलाकर जगाया जाएगा। इसके लिए रामलीला समितियों ने तैयारी कर ली है। कुंभकरण के लिए विशेष प्रकार की जलेबी सहित अन्य प्रकार के भोजन की व्यवस्था की गई है। विवेक विहार, शास्त्री पार्क सहित अन्य जगहों पर रामलीला का मंचन किया जा रहा है।
विवेक विहार की भव्य रामलीला सोसायटी के प्रधान सतीश लूथरा ने बताया कि आज कुंभकरण को जगाने वाले सीन के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। बैंड-बाजे के साथ कुंभकरण के लिए बड़ी-बड़ी परातों में सोया चाप, बुढ़िया के बाल समेत कई खानों की व्यवस्था की गई है, जिससे ऐसा लगे कि कुंभकरण मांसाहारी भोजन का सेवन कर रहा है।
वरिष्ठ उप प्रधान संजय कवातड़ा ने बताया कि मायावी मेघनाथ का सीन देखने योग्य होगा। मेघनाथ बार-बार गायब होकर स्टेज की अलग-अलग मंजिल पर दिखेगा। पंकज कोचर ने बताया, मायावी अहि रावण का सीन जैसा इनकी रामलीला में दिखाया जाता है, वैसा किसी रामलीला में नहीं होता। अहिरावण पाताल लोक से में जाता हुआ दिखेगा।
पांच किलो की जलेबी खाकर उठेगा कुंभकरण
शास्त्री पार्क की विष्णु अवतार रामलीला के महामंत्री दिवाकर पांडे ने बताया कि कुंभकरण को जगाने के लिए बैंड-बाजे के लिए अलावा पांच किलो की एक विशेष जलेबी तैयार करवाई गई है। इसके अलावा आठ से दस किलो सब्जियां व फल भी मंगवाए गए हैं।