रेलवे स्टेशन पर मिलेगी एयरपोर्ट जैसी सुविधा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहरी गेट से यात्री प्लेटफॉर्म तक बिना चले पहुंच जाएंगे। एयरपोर्ट की तरह ही अब उन्हें लगेज ले जाने के लिए कुलियों की आवश्यकता भी नहीं होगी।
ट्रेवलेटर के जरिये प्लेटफॉर्म नंबर 16 को जोड़ने की योजना है। फिर स्वचालित सीढ़ियों से आप अन्य प्लेटफॉर्म तक भी जा सकेंगे।
राजधानी के नई दिल्ली रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास सुविधा देने की कवायद शुरू हो गई है। इसके तहत रेलवे ने अजमेरी गेट स्टेशन की तरफ ट्रेवलेटर लगाने की योजना बनाई है।
प्लेटफॉर्म पर भीड़ रोकने को बनेंगे होल्डिंग एरिया
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन को विश्व स्तरीय सुविधा देने की योजना के तहत केवल ट्रेवलेटर ही नहीं लगेगा बल्कि प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ ज्यादा न हो, इसके लिए एयरपोर्ट के टर्मिनल थ्री की तरह ही रेलवे स्टेशन पर बने पार्किंग एरिया को हटाकर वहां होल्डिंग एरिया बनेगा।
इससे स्टेशन पहुंचने वाले यात्री उस होल्डिंग एरिया में अपने ट्रेन पहुंचने की टाइमिंग को देख कर ही वहां से प्लेटफॉर्म के लिए निकलें। रेलवे अधिकारियों के अनुसार करीब तीन सौ मीटर तक लंबे ट्रेवलेटर लगेंगे, जिनकी संख्या करीब 12 होगी।
इन ट्रेवलेटरों की चौड़ाई डेढ़ से दो मीटर होगी। इसके लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रेलवे लागत का भी आकलन कर रही है। बता दें कि अगर यह योजना परवान चढ़ गई तो इस तरह की सुविधा देने वाला दिल्ली रेल मंडल पूरे देश में पहला होगा।
योजना पर चल रहा है काम
दिल्ली रेल मंडल प्रबंधक (कार्यवाहक) संदीप साइलस ने बताया कि अजमेरी गेट रेलवे स्टेशन की तरफ से यात्रियों को ट्रेवलेटर की सुविधा देने की योजना पर काम किया जा रहा है। दिल्ली मंडल के रेलवे अधिकारियों को इस दिशा में काम करने को कहा गया है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर करीब पांच लाख यात्री रोजाना सफर करते हैं। इसे देखते हुए रेलवे ने क्राउड मैनेजमेंट का भी तरीका निकाला है।
रेलवे परिसर के बाहर होल्डिंग एरिया तैयार किया जाएगा। यहीं पर सुरक्षा की जांच से भी यात्रियों को गुजरना होगा। यहीं से ट्रेवलेटर के माध्यम से यात्री प्लेटफॉर्म तक पहुंचेंगे। हालांकि त्योहारों के दौरान इसे मैनेज करना एक चुनौती होगी।
राह में बाधा भी कम नहीं
ट्रेवलेटर की सुविधा इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर है। यहां के टी-3 पर एक होल्डिंग एरिया बना है। जैसे-जैसे यात्रियों को अपने फ्लाइट की जानकारी मिलती है, वैसे-वैसे यात्री ट्रेवलेटर से अपने विमान के गेट तक पहुंच जाते हैं।
इस योजना को प्रारूप देने के लिए रेलवे प्रशासन को सबसे पहले पूरे परिसर से पार्किंग सुविधा को हटाना पड़ेगा। ऑटो-टैक्सी की पार्किंग की सुविधा भी खत्म हो जाएगी, इसके कारण यूनियन के विरोध का सामना भी रेलवे को करना पड़ सकता है।
हालांकि स्टेशन के ठीक सामने मेट्रो स्टेशन की मल्टी स्टोरी पार्किंग सुविधा है, वहां यात्री अपने वाहन को पार्क कर सकते हैं। पहाड़ गंज रेलवे स्टशन की तरफ भी पार्किंग की सुविधा है।