Delhi : भ्रष्टाचार पर आप-भाजपा में सियासी तकरार, भगवा ब्रिगेड ने चलाया 'शराब से शीशमहल' अभियान
उपवास के दौरान आप के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्लीवालों की खुशी के लिए अपना सबकुछ दांव पर लगा दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आशीर्वाद अभियान के दूसरे चरण के तहत रविवार को आप ने जंतर-मंतर पर सामूहिक उपवास किया। सुबह 10 बजे आप नेताओं का उपवास शुरू हुआ और शाम पांच बजे जूस पीकर टूटा।
उपवास के दौरान आप के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्लीवालों की खुशी के लिए अपना सबकुछ दांव पर लगा दिया। अब उनके लिए करने की बारी है। हम सच्चाई के साथ हैं। भाजपा अगर दिल्ली में राष्ट्रपति शासन लगाती है तो जनता माफ नहीं करेंगे। उपवास में मेयर शैली ओबेरॉय, मंत्री सौरभ भारद्वाज, सांसद एनडी गुप्ता, आप विधायक, लोकसभा प्रत्याशी सहित काफी संख्या में आप कार्यकर्ता व अन्य मौजूद रहे।
एलजी करवाएं भाजपा की जांच : संजय सिंह
संजय सिंह ने कहा कि आबकारी नीति घोटाले के आरोपी से फंड लेने का मामला सभी के सामने है। भाजपा का उनके साथ सीधा संबंध सबसे सामने आ चुका है। अब एलजी को भाजपा के नेताओं की जांच करवानी चाहिए। भाजपा अपनी पार्टी में भ्रष्ट नेताओं को शामिल करवा रही है। जो उनके आगे नहीं झुकते उन्हें जेल में डलवा रही है। भाजपा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा मांग रही है, लेकिन संविधान उन्हें जल से सरकार चलाने की अनुमति देता है। गोपाल राय ने कहा कि जनता हमारी ताकत है। आज पूरा भारत अरविंद केजरीवाल की लड़ाई में साथ खड़ा है। केजरीवाल आज तिहाड़ जेल के अंदर है और अमेरिका से लेकर कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी समेत तमाम देशों में लोग उपवास कर रहे हैं।
मुश्किलों के बाद भी नहीं टूटी हिम्मत : आतिशी
मंत्री आतिशी ने कहा कि मुश्किलों के बाद भी आप नेताओं की हिम्मत नहीं टूटी। आप के सभी बड़े नेता जेल में थे फिर भी उसके कार्यकर्ताओं ने रामलीला मैदान में बड़ी संख्या की रैली आयोजित कर दी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जब से गिरफ्तार हुए हैं पूरी दिल्ली को छावनी बना दिया गया है। विरोध करने वालों को हिरासत में लिया जा रहा है।
आप नेताओं ने पहली बार किया उपवास
अन्ना आंदोलन के बाद आम आदमी पार्टी के नेताओं ने पहली बार उपवास रखकर विरोध-प्रदर्शन किया। इससे पहले 5 अप्रैल 2011 को एक सशक्त लोकपाल विधेयक के निर्माण की मांग को लेकर अन्ना हजारे ने आमरण अनशन शुरु किया था। उस समय उनके समर्थन में अरविंद केजरीवाल सहित अन्य आए थे। ठीक 13 साल दो दिन बाद सात अप्रैल को सामूहिक उपवास रखकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध किया गया।
शराब से शीशमहल कैंपेन चलाकर भाजपा की पोल खोल मुहिम शुरू
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरने की रणनीति के तहत भाजपा ने रविवार को आप के खिलाफ ‘शराब से शीशमहल. अभियान चलाया। कनॉट प्लेस में भ्रष्टाचार के शीशमहल का बड़ा मॉडल रखा गया और केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह का चित्र लगाकर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। अभियान में भाजपा ने अपनी पूरी फौज को एक मंच पर उतारा।
इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने केजरीवाल समेत अन्य आप नेताओं पर जमकर बोला। उन्होंने कहा कि यह शीशमहल भ्रष्टाचार का ताजमहल है जो दिल्ली के टैक्स पेयर्स की गाढ़ी कमाई का पैसा है। शराब से शीशमहल तक का सफर अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली वालों को लूटकर तय किया है। सचदेवा ने कहा कि बेहतर होती कि आप सामूहिक उपवास की जगह सामूहिक प्रायश्चित करती। प्रदेश भाजपा सह प्रभारी डॉ. अलका गुर्जर ने कहा, शराब से शीशमहल तक का सफर किसी आम आदमी का नहीं बल्कि खास आदमी का होता है।
जनता देगी केजरीवाल को जवाब : बांसुरी स्वराज
प्रदेश भाजपा सचिव बांसुरी स्वराज ने कहा कि आप बनावटी सहानुभूति लेने की मुहिम में है। दिल्ली की जनता है सब समझ चुकी है और जिस प्रकार से दिल्ली के युवाओं को नशे में धकेलने और महिलाओं के खिलाफ जाकर शराब के ठेका खुला, इसका जवाब जनता आने वाले चुनाव में देने को तैयार है। केजरीवाल की प्रत्येक चोट का जवाब दिल्लीवासी आप को चुनाव में सातों सीटों पर चित करके देंगे। मंच का संचालन कर रहे कार्यालय मंत्री बृजेश राय व मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि पिछले रविवार रामलीला मैदान में केजरीवाल के समर्थन में रैली बुलाई गई थी। पूरा मैदान खाली रहा। भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि केजरीवाल दिल्ली ही नहीं बल्कि देश भर के सबसे झूठे मुख्यमंत्री हैं।
आप का उपवास महज दिखावा-संजय मयूख
भाजपा प्रवक्ता संजय मयूख ने कहा कि जिन्होंने अपना होने का दावा किया उन्होंने दिल्ली को लूटने का काम किया। जिस प्रकार उपवास करने का नाटक केजरीवाल की टीम कर रही है उसको देखते हुए दिल्ली पूरी तरह से ठगी हुई महसूस कर रही है। शाजिया इल्मी ने कहा आप स्वराज से शुरू होकर शराब पर खत्म हुई है। प्रदेश भाजपा महामंत्री कमलजीत सहरावत ने कहा कि दिल्ली में घर घर पानी नहीं पहुंचा, शराब का ठेका खोल जरूर पहुंचा दिया गया।