दिल्ली की हवा में जहर घोलने की कोशिश: पराली जलाने के आरोप में किसान गिरफ्तार, इलाका हुआ धुआं-धुआं
दिल्ली पुलिस ने छावला में एक किसान को पराली जलाने के आरोप में गिरफ्तार किया। किसान ने कहा कि पराली नष्ट करने के लिए खेत में आग लगाई। आग लगाए जाने से इलाके में प्रदूषण फैल रहा था। पुलिस ने किसान के खिलाफ सरकारी आदेश का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण के स्तर में अधिकतर हिस्सेदारी पराली के धुएं की है। ऐसे में सरकार से लेकर प्रशासन इसकी रोकथाम को लेकर सख्त है। इसके बावजूद दिल्ली में भी पराली जलाने के मामले सामने आए हैं। पुलिसकर्मियों ने गश्त के दौरान झटीकरा गांव के एक खेत में पराली जलते हुए देखा।
पुलिस ने खेत मालिक से पूछताछ की और पराली जलाने की बात स्वीकार करने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ सरकारी आदेश का उल्लंघन करने, वायुमंडल को दूषित करने और प्रदूषण की रोकथाम और नियंत्रण कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए खेत मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि जमानती धारा होने की वजह से उन्हें थाने से ही जमानत दे दी गई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह छावला थाने की पुलिस को झटीकरा गांव के एक खेत में पराली जलाने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम खेत पर पहुंची। पुलिस टीम ने देखा कि खेतों में पराली जल रही है। जिसकी वजह से काफी धुआं निकल रहा था। जिससे आस पास के इलाके में प्रदूषण फैल रहा था। पुलिस ने तुरंत दमकल कर्मियों को मौके पर बुलाकर आग पर काबू पाया।
पूछताछ करने पर पता चला कि जिस खेत में पराली जलाई जा रही है वह झटीकरा के रहने वाले ओम प्रकाश का है। पुलिस ने फोन कर खेत के मालिक ओम प्रकाश को मौके पर बुलाया। पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि पराली को नष्ट करने के लिए उन्होंने खेत में आग लगाई थी। खेत के मालिक को छावला के एसीपी की ओर से जारी अधिसूचना का उल्लंघन करते हुए पाया गया। अधिसूचना में किसी को भी खेत में पराली जलाने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही गई थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि खेत मालिक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले में खेत मालिक ओम प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन जमानती धारा होने की वजह से उन्हें सख्त हिदायत देकर जमानत दे दी गई।