पीएम से मिलने की मांग कर रहे छात्र गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिविल सेवा परीक्षा के पाठ्यक्रम में बदलाव की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। छात्र प्रधानमंत्री से मिलने की मांग करते हुए रात भर उनके आवास के बाहर बैठे रहे।
छात्रों ने बताया कि शनिवार तड़के करीब 4.30 बजे पहुंची पुलिस ने अचानक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया और उन्हें बस में भरकर पार्लियामेंट रोड पुलिस स्टेशन ले गई।
बता दें कि ये छात्र संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से आयोजित होने वाली सिविल सेवा परीक्षा में सीसैट लागू करने का विरोध कर रहे हैं।
रात भर पीएम का इंतजार करते रहे छात्र
छात्रों का आरोप है कि सीसैट के नाम पर यूपीएससी ने पाठ्यक्रम को अंग्रेजी माध्यम पर आधारित कर दिया है। इससे अन्य माध्यम से छात्रों को परेशानी हो रही है। हाल ही में आए सिविल सेवा परीक्षा में रिजल्ट में हिंदी माध्यम के महज 26 छात्रों का सेलेक्शन होने से उनका गुस्सा और बढ़ गया।
आरोप है कि यूपीएससी ने छात्रों को फार्म में हिंदी का विकल्प तो जरूर दिया लेकिन इंटरव्यू में उन्हें अंग्रेजी में ही जवाब देने के लिए कहा गया। इसी बात के विरोध में छात्रों ने पीएम से मिलने की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
शुक्रवार सुबह से शुरू हुआ प्रदर्शन लगातार जारी है लेकिन पीएम अभी तक छात्रों से नहीं मिले हैं। पीएम से मिलने की उम्मीद लेकर छात्र रात भर उनके आवास के बाहर बैठे रहे।
कल से सड़क पर हैं छात्र
इस मामले में पुलिस का कहना है कि छात्र 7 आरसीआर के पास प्रदर्शन कर रहे थे इसलिए उन्हें हटाया गया है। उन्होंने बताया कि छात्रों को पहले कई बार वहां से हटने की चेतावनी दी गई जब वे नहीं हटे तो उन्हें हिरासत में लिया गया है।
यूपीएससी के खिलाफ छात्रों का ये गुस्सा पहली बार नहीं दिखा है। इसके पहले भी छात्र विरोध में आवाज उठाते रहे हैं।
शुक्रवार को छात्रों ने जब पीएम आवास का रुख किया तो दिल्ली पुलिस के हाथ पांव फूल गए। पुलिस ने चार मेट्रो स्टेशन तत्काल बंद कर दिया और छात्रों को राजघाट जाने को मजबूर कर दिया।