दिल्ली सरकार का होली पर ये तोहफा, कम वेतन वालों के बढ़ेगी ये धनराशि
सरकार ने मजदूर वर्ग के लोगों को होली का तोहफा दिया है। न्यूनतम मजदूरी दर में 36 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की घोषणा सरकार ने की है। अब बढ़ी हुई राशि के बाद 13,350 रुपया प्रतिमाह न्यूनतम मजदूरी होगी। इस घोषणा से दिल्ली में कम वेतन में काम कर रहे लोगों को फायदा होगा।
हालांकि उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद ही इसे लागू किया जा सकेगा। यह बढ़ोतरी दिल्ली सरकार द्वारा पिछली न्यूनतम मजदूरी में वृद्धि के लिए की गई सिफारिश से करीब 10 से 15 प्रतिशत कम है। जिसपर पूर्व उपराज्यपाल ने मंजूरी नहीं देकर कमेटी गठित कर दी थी। इस कमेटी की सिफारिशों पर ही सरकार ने यह वृद्धि दर पुन: निर्धारित की है।
शनिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निवास स्थान पर दिल्ली कैबिनेट की बैठक हुई। जहां न्यूनतम मजदूरी को लेकर पूर्व उपराज्यपाल द्वारा गठित कमेटी की सिफारिशों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद मीडिया से मुखातिब हुए केजरीवाल ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने अपील की है कि इस फैसले को पूरे देश में लागू किया जाए। केजरीवाल ने कहा कि इससे असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले मजदूर वर्ग को काफी फायदा होगा।
मंजूरी के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल के पास भेजा जाएगा
दिल्ली कैबिनेट के निर्णय को सोमवार मंजूरी के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल के पास भेजा जाएगा। केजरीवाल ने कहा कि वह खुद उपराज्यपाल से मिलकर इस फैसले पर जल्द से जल्द मुहर लगाने की मांग करेंगे।
केजरीवाल ने उम्मीद जताई कि होली से पहले उपराज्यपाल भी इस फैसले को अपनी मंजूरी दे देंगे। उन्होंने दावा किया कि इस घोषणा के बाद कुशल, अकुशल और अर्द्ध कुशल मजदूरों की न्यूनतम मजदूरी में औसतन 36 प्रतिशत बढ़ोतरी होगी।
मजदूरों को मिलेंगे
अकुशल मजदूरों को 9,724 रुपये की जगह 13,350 रुपये
अर्द्ध कुशल मजदूरों को 10,764 रुपये की जगह 14,698 रुपये
कुशल मजदूरों को 11,830 रुपये की जगह 16,182 रुपये