दिल्लीः शराब की दुकानों पर नहीं बिकेगा आलू-प्याज
दिल्ली सरकार ने शराब की दुकानों पर आलू प्याज बेचने की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। आलू-प्याज की कीमतों में बेतहाशा वृद्घि के बाद ऐसा सुनने में आया था कि सरकार अब शराब की दुकानों पर भी आलू और प्याज को बेचेगी।
यह भी कहा जा रहा था कि दिल्ली सरकार इसके लिए 25 जगहों का चुनाव भी करेगी।
हालांकि मंगलवार दोपहर दिल्ली सरकार ने इसे नकारते हुए कहा कि उन्होंने ऐसी कोई भी घोषणा नहीं की है और न ही इसके लिए कभी कोई बैठक बुलाई गई।
सरकारी दफ्तरों के पास बिकेगी सब्जी
दिल्ली के कमिश्नर (फूड एंड सप्लाई) एसएस यादव ने कहा कि सरकार की ऐसी कोई भी योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार ने महंगाई से पार पाने के लिए पहले ही कई अहम फैसले लिए हैं।
उन्होंने बताया कि इसके लिए सरकारी ऑफिसों जैसे डीएम, एसडीएम, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी आदि कार्यालयों के पास सब्जी के स्टॉल जगाए जाएंगे।
इससे सही दाम और सही लागत पर ही सब्जियां बेची जा सकेंगी साथ ही ज्यादा पैसे लेने वालों पर तुरंत कार्रवाई भी होगी।