मुख्य सचिव मामले में केजरीवाल सरकार ने अनिल बैजल को घेरा, लगा दिए ये आरोप
आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को दिल्ली सचिवालय में दिल्ली सरकार के मंत्री इमरान हुसैन व उनके सहयोगी के साथ मारपीट करने वालों की पहचान उजागर की है।
पार्टी का आरोप है कि दिल्ली सचिवालय में हंगामा करने वालों के साफ दिख रहे चेहरे तक पहुंचने में दिल्ली पुलिस नाकाम रही है, लेकिन मुख्य सचिव की मौखिक शिकायत पर दो विधायकों को गिरफ्तार कर लिया जाता है।
पार्टी ने दिल्ली में दो तरह के कानून होने की बात करते हुये उपराज्यपाल अनिल बैजल का भाजपा को एजेंट तक करार दे दिया है। पार्टी कार्यालय में मीडिया से बात करते हुये आप नेता आशुतोष ने कहा जिस तरह के दो विधायकों को गिरफ्तार किया गया है उससे लगता है कि दिल्ली में कानून का शासन नहीं है।
उपराज्यपाल के पद की धज्जियां उड़ाईं है
संविधान की शपथ लेकर उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस कमिश्नर के पद पर बैठने वाले उसकी धज्जियां उड़ा रहे हैं। कानूनन देश का हर नागरिक एक चश्मे से देखा जाना चाहिये। लेकिन मुख्य सचिव की मौखिक शिकायत पर दो विधायकों को जेल भेज दिया जाता है।
जबकि सचिवालय में मंत्री व उनके सहयोगी व डीडीसीए के चेयरमैन पर हुये हमले का प्रमाण होने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे साफ लगता है कि आप के खिलाफ उपराज्यपाल पक्षपातपूर्ण तरीके से काम कर रहे हैं।
बीते चार दिनों से वह खुलकर भाजपा के एजेंट की भूमिका अदा कर रहे हैं। साजिश दिल्ली सरकार को बर्खास्त करने की है। आशुतोष ने इस मौके पर पांच लोगों के नाम भी सार्वजनिक किये।
'आरएसएस के सहयोगी संगठन में काम कर चुके हैं'
साथ ही मुख्य सचिव की एमएलसी व मुख्यमंत्री आवास के सीसीटीवी फुटेज के समय के अंतर का भी उन्होंने जिक्र किया। आशुतोष ने आरोप लगाया कि उपराज्यपाल पहले आरएसएस के सहयोगी संगठन विवेकानंद फाउंडेशन में काम कर चुके हैं।
ऐसे में उनसे संवैधानिक दायित्व निभाने की उम्मीद कैसे की जा सकती है। वहीं, सांसद संजय सिंह ने कहा कि अगर मुख्य सचिव की एमएलसी सही है तो फिर सवाल ये है कि मुख्य सचिव के चेहरे पर वो घाव कहां से आए? किसने मुख्य सचिव के साथ मारपीट की गई?
मुख्यमंत्री के आवास से वह रात साढ़े ग्यारह बजे ही निकल गए थे, लेकिन एमएलसी में उनके साथ मारपीट रात 12 बजे के बाद बताई गई है। संजय सिंह ने कहा कि या तो मुख्य सचिव झूठ बोल रहे हैं या फिर वो एमएससी ही फर्जी है।