डेंगू के चलते सरकार ने की डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में डेंगू के मामले बढ़ते जा रहे हैं और चिकित्साकर्मी कम पड़ रहे हैं। कुछ अस्पतालों की ओर से डॉक्टरों व दूसरे कर्मियों की मांग की गई है।
मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सभी अस्पतालों के डॉक्टरों, नर्सों और पैरा मेडिकल स्टाफ की छुट्टियां रद्द करने का निर्णय लिया है। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने सभी अस्पतालों में स्पेशल फीवर क्लीनिक खोलने के निर्देश भी दिए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने दिल्ली सचिवालय में सोमवार को एक बैठक बुलाई, जिसमें सभी जिलों के जिलाधिकारी, जिला चिकित्सा अधिकारी, सभी जोन के स्वास्थ्य निदेशकों को बुलाया गया था।
सरकार का निर्देश, नहीं होनी चाहिए कोई कमी
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि डेंगू का आतंक नहीं फैलाना है। साथ ही बुखार से पीड़ित किसी भी मरीज को बिना इलाज के अस्पताल से न भेजा जाए। आपातकालीन विभाग में बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने सभी अस्पतालों में विशेष फीवर क्लीनिक शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि इस क्लीनिक में डेंगू के संदिग्ध मरीजों का इलाज किया जा सके।
जैन ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी मरीज अपनी इच्छा से कोई दवा न ले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसी तरह की दवा और डेंगू जांच किट की कमी नहीं होनी चाहिए। जैन ने कहा कि पिछले वर्ष की तुलना में अस्पतालों में डेंगू मरीजों के लिए बिस्तरों की संख्या में तीन गुना बढ़ोतरी की गई है।
दिल्ली सरकार के डेंगू के नोडल अधिकारी डॉ. चरण सिंह ने बताया कि यदि जरूरत पड़ती है तो अतिरिक्त स्टाफ प्रदान किया जाएगा। कुछ अस्पतालों के चिकित्सा अधीक्षकों ने भी कहा है कि निदेशालय की ओर से मौखिक आदेश दिया गया है कि छुट्टियां रद्द कर दी जाएं।