Delhi Fire Incidents: फायर सर्विस को मई में आग लगने की हर दिन औसतन 168 कॉल्स आईं; बने कई और अनचाहे रिकॉर्ड
दिल्ली फायर सर्विस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2024 के शुरुआती पांच माह में दमकल विभाग को कुल 15840 कॉल मिलीं। पिछले साल इसी समय अवधि में इन कॉल की संख्या 12706 थी।
विस्तार
चढ़ते पारे के बीच राजधानी में आग लगने की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। अकेले मई माह ही आग लगने की घटनाओं ने कई नए रिकॉर्ड बना दिए हैं। वर्ष 2024 के मई माह में 31 दिन के भीतर दिल्ली फायर सर्विस को कुल 5218 कॉल्स मिलीं। पिछले साल मई माह में कुल 2936 काॅल मिली थीं। इस साल हर दिन कॉल का औसत देखे तो हर दिन 168 कॉल आईं।
दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तापमान बढ़ने की वजह से आग की घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ है। इस बार 29 और 31 मई आग लगने की घटनाओं ने नया रिकॉर्ड बना दिया। 29 मई को आग लगने की 183 तो 31 मई को 189 कॉल मिलीं। ऐसा पहली बार हुआ है कि दीपावली के अलावा किसी भी सामान्य दिनों में आग लगने की इतनी कॉल आई हो।
दिल्ली फायर सर्विस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2024 के शुरुआती पांच माह में दमकल विभाग को कुल 15840 कॉल मिलीं। पिछले साल इसी समय अवधि में इन कॉल की संख्या 12706 थी। इसमें आग लगने की घटनाओं को अलग किया जाए तो वर्ष 2024 में 9894 कॉल और 2023 में 6764 कॉल मिलीं।
अकेले मई माह की बात करें तो इस साल कुल 5218 कॉल आई जबकि पिछले साल 2023 में इन कॉल की संख्या 2936 थी। जानकारों का कहना है कि चढ़ते पारे और लापरवाही की वजह से आग लगने की घटनाओं में इजाफा हुआ है। थोड़ी सी सावधानी बरतकर इन घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
वर्ष 2024 में आग की घटनाओं के कुछ आंकड़े...
वर्ष आग लगने की कॉल कुल कॉल
जनवरी 1204 2502
फरवरी 1032 2150
मार्च 1328 2483
अप्रैल 2357 3487
मई 3973 5218
वर्ष 2023 में आग की घटनाओं के कुछ आंकड़े...
वर्ष आग लगने की कॉल कुल कॉल
जनवरी 1171 2567
फरवरी 941 1977
मार्च 1230 2425
अप्रैल 1672 2742
मई 1750 2936