Delhi Election 2025: नई दिल्ली सीट पर सबसे अधिक तो कस्तूरबा नगर पर सबसे कम उम्मीदवार, 981 ने भरे 1521 पर्चे
नई दिल्ली विधानसभा सीट पर 29 उम्मीदवारों ने 40 नामांकन पर्चे भरे हैं। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, भाजपा के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित उम्मीदवार हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। इस बार कुल 981 उम्मीदवारों ने 1521 नामांकन पर्चे भरे हैं। नई दिल्ली विधानसभा सीट पर सबसे ज्यादा हलचल है, जहां 29 उम्मीदवारों ने 40 नामांकन पर्चे भरे हैं। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, भाजपा के प्रवेश वर्मा और कांग्रेस के संदीप दीक्षित उम्मीदवार हैं। यह सीट शुरूआत से ही हाई-प्रोफाइल रही है और इस बार भी यह चर्चा का केंद्र बनी हुई है।
उधर, कस्तूरबा नगर सीट पर छह उम्मीदवारों ने नौ नामांकन पर्चे भरे हैं। आप से रमेश पहलवान, भाजपा से नीरज बसोया और कांग्रेस से अभिषेक दत्त मैदान में हैं। इस सीट पर मुकाबला भी तगड़ा होगा। विभिन्न सीटों पर उम्मीदवारों की बड़ी संख्या देखने को मिली, जिससे चुनाव और भी रोचक होने की संभावना है। कालकाजी सीट पर 18 उम्मीदवारों ने 28 नामांकन पर्चे भरे हैं। इस सीट से आप से दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, भाजपा के रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अल्का लांबा उम्मीदवार हैं।
वहीं, बल्लीमारान सीट पर 12 उम्मीदवारों ने 16 नामांकन पर्चे भरे हैं। यहां से आप के कैबिनेट मंत्री इमरान हुसैन, कांग्रेस के हारुन यूसुफ और भाजपा के कमल बागड़ी उम्मीदवार हैं। ग्रेटर कैलाश सीट पर 10 उम्मीदवारों ने 15 नामांकन फार्म भरे हैं। इस सीट से आप से कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज, भाजपा की शिखा राय और कांग्रेस के गर्वित सिंघवी मैदान में हैं।
पूर्व डिप्टी सीएम की सीट पर 12 उम्मीदवार
जंगपुरा से 12 उम्मीदवारों ने 19 नामांकन पर्चे भरे हैं। यहां से आप के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, भाजपा के तरविंदर सिंह मारवाह और कांग्रेस के फरहाद सूरी प्रत्याशी हैं। बाबरपुर सीट पर 16 उम्मीदवारों ने 26 नामांकन पर्चे भरे हैं। यहां से आप के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय, भाजपा के अनिल वशिष्ठ और कांग्रेस के हाजी मोहम्मद इशराक खान मैदान में हैं। सुल्तानपुर माजरा सीट पर 15 उम्मीदवारों ने 19 नामांकन पर्चे भरे हैं। इस सीट से आप से कैबिनेट मंत्री मुकेश अहलावत, कांग्रेस के जय किशन और भाजपा के कर्म सिंह कर्मा उम्मीदवार हैं।
शकूरबस्ती सीट पर 11 उम्मीदवारों ने 20 नामांकन पर्चे भरे हैं। यहां से आप के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, भाजपा के करनैल सिंह और कांग्रेस के सतीश लथूरा प्रत्याशी हैं। पटपड़गंज सीट पर भी 11 उम्मीदवारों ने 20 नामांकन पर्चे भरे हैं। यहां से आप के अवध ओझा, भाजपा के रविंदर सिंह नेगी और कांग्रेस के अनिल चौधरी मैदान में हैं। इन नामांकन पत्रों से यह स्पष्ट है कि दिल्ली में विधानसभा चुनावों के दौरान विभिन्न सीटों पर कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी, जो आने वाले दिनों में चुनावी माहौल को और गरम करेगा।