सफदरजंग अस्पताल में हुई बड़ी गड़बड़ी, कपल का दावा- हुआ बेटा हमें दे दी बेटी
-
- 1
-
Link Copied
दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से एक ऐसा गड़बड़ी का मामला सामने आया है जो अस्पताल की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाता है। दरअसल सोनिया प्रजापति(25 वर्ष) नाम की एक महिला का कहना है कि उसने 2 जून को सफदरजंग अस्पताल में एक लड़के को जन्म दिया था लेकिन अस्पताल ने उसे एक लड़की दी है।
सोनिया के इस दावे के बाद अस्पताल प्रशासन पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। अब सोनिया और उसके पति को डीएनए रिपोर्ट का इंतजार है जिसके बाद साफ हो जाएगा कि सोनिया सही कह रही है या अस्पताल।
अस्पताल का कहना है कि डीएनए रिपोर्ट का नतीजा उनके हक में ही आएगा। सोनिया अब भी सफदरजंग अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड में ही है। नम आंखें लिए वो हर दिन बस रिपोर्ट के इंतजार में है और दूसरी मांओं को अपने बच्चों के साथ खेलता देख खुश हो लेती है।
अस्पताल ने बिना पूछे लगा दी कॉपर-टी
सोनिया और उसके पति भूपेंद्र दिल्ली के खानपुर में रहते हैं और बच्चा बदलने के मामले में सफदरजंग थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सोनिया एक एनजीओ नवश्रृष्टि में पढ़ाती है।
सोनिया ने बताया कि उसकी डिलिवरी नॉर्मल थी। उसे पूरा यकीन है कि उसने लड़के को ही जन्म दिया था और यहां तक कि डॉक्टर ने भी उसे लड़का ही दिखाया था। उसका कहना है कि अगर वो गलत थी तो ऑपरेशन थियेटर में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ ने उसे सही क्यों नहीं किया। ये साबित करता है कि उसे लड़का ही हुआ था।
सोनिया का ये भी दावा है कि डॉक्टरों ने उससे बिना पूछे ही उसे कॉपर-टी लगवा दी है। यह अवैध है। उसने कहा कि अगर बच्ची का डीएनए उससे मैच हो जाता है तो वो बच्ची को स्वीकार कर लेगी।
वहीं इस मामले में सफदजंग अस्पताल के निदेशक डॉक्टर एके राय सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि हम सब डीएनए रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं और यह पक्का है कि रिपोर्ट हमारे पक्ष में ही आएगा क्योंकि अस्पताल में कोई बच्चा नहीं बदला गया। रिपोर्ट 20 दिन में आएगी तब तक जो लड़की है उसकी देखरेख अस्पताल की नर्सरी कर रही है।