दिल्ली: गौतम गंभीर को ISIS कश्मीर से मिली जान से मारने की धमकी, भाजपा सांसद की बढ़ाई गई सुरक्षा
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए गंभीर के घर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई। देर रात को ही सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच के लिए पहुंची। सुबह के समय साइबर सेल की टीम भी वहां पहुंची। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
विस्तार
पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद गौतम गंभीर को जान से मारने की धमकी मिली है। मंगलवार रात उनके आधिकारिक ईमेल पर आईएसआईएस-कश्मीर की ओर से एक मेल कर उनको व परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए फौरन गौतम गंभीर के निजी सचिव गौरव अरोड़ा ने धमकी की लिखित में शिकायत मध्य जिला पुलिस उपायुक्त से की।
सूचना मिलते ही रात में सांसद के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई। दिल्ली पुलिस की तमाम एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई है। इस संबंध में मध्य जिला पुलिस उपायुक्त श्वेता चौहान का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, गौतम गंभीर मध्य जिला के ओल्ड राजेंद्र नगर में परिवार के साथ रहते हैं। मंगलवार रात करीब 9.32 बजे इनके आधिकारिक मेल आईडी पर आईएसआईएस-कश्मीर नामक संगठन की ओर से एक ईमेल आया। ईमेल में आरोपियों ने सांसद व उनके परिवार को जल्द ही जान से मारने की धमकी दी। गंभीर के स्टाफ ने ईमेल देखा तो फौरन इसकी सूचना सांसद को दी।
इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से करने के लिए कहा गया। देर रात को ही गौतम गंभीर के निजी सचिव गौरव अरोड़ा ने लिखित में शिकायत कर सुरक्षा बढ़ाने और एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
इससे पहले भी गंभीर को मिली चुकी है धमकी
सांसद के करीबियों का कहना है कि इससे पांच-छह महीने पहले भी उनको फोन पर इसी तरह की धमकी मिली थी। उस समय इसे गंभीरता से नहीं लिया गया था। अब ईमेल आने पर मामले की शिकायत पुलिस से की गई। बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा रहे गौतम गंभीर ने 22 मार्च 2019 को भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद वह भाजपा के ही टिकट से पूर्वी दिल्ली से लोकसभा चुनाव लड़े और जीते।