{"_id":"675375daa602861a5d073d33","slug":"delhi-assembly-elections-politics-over-votes-in-delhi-before-the-assembly-elections-2024-12-07","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi Assembly Elections : विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली में वोटों पर सियासत, आप और भाजपा आमने-सामने","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi Assembly Elections : विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली में वोटों पर सियासत, आप और भाजपा आमने-सामने
Sat, 07 Dec 2024 03:38 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 07 Dec 2024 03:38 AM IST
सार
अब स्थानीय मुद्दों या समस्याओं के साथ ही चुनावी मामलों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है। वोटों पर सियासत में आप और भाजपा आमने-सामने हैं।
विज्ञापन
वोटों पर सियासत में आप और भाजपा आमने-सामने हैं।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली में सियासत रफ्तार पकड़ रही है। अब स्थानीय मुद्दों या समस्याओं के साथ ही चुनावी मामलों को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है। वोटों पर सियासत में आप और भाजपा आमने-सामने हैं।
विज्ञापन
आप समर्थकों के वोट कटवा रही है भाजपा : केजरीवाल
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में विधानसभा चुनाव से पहले वोट पर सियासत गरमा गई है। आप संरक्षक और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर बड़ी संख्या में अपनी पार्टी के समर्थकों का वोट कटवाने का आरोप लगाया है। इसमें चुनाव आयोग की भूमिका को भी संदिग्ध बताया है।
विज्ञापन
केजरीवाल ने शाहदरा विस क्षेत्र का हवाला देते हुए कहा कि भाजपा ने यहां 11,018 वोट काटने के लिए आयोग को आवेदन दिया है। आप ने इनमें से 500 लोगों की जांच करवाई तो इनमें से 75 फीसदी लोग जीवित मिले और पुराने पते पर ही रह रहे हैं।
विज्ञापन
हार के भय से अभी से बहाने बनाने लगे केजरीवाल : बांसुरी
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने अरविंद केजरीवाल पर पलटवार करते हुए कहा कि हार के भय से वे अभी से बहाने बनाने लगे हैं। केजरीवाल असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
बांसुरी ने कहा कि वोटर लिस्ट संशोधन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया है। फॉर्म सात के साथ दस्तावेज अनिवार्य हैं और हर आवेदन का व्यक्तिगत तौर पर सत्यापन किया जाता है। भाजपा ने आरोप लगाया कि आप सरकार ने पिछले 10 वर्ष से रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों के फर्जी वोट बनवाए हैं। इनका नाम वोटर लिस्ट से बाहर होने से वे डरे हुए हैं।
नाम कटवाने का दावा गलत
शाहदरा के जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में 29 अक्तूबर से अब तक केवल 494 फॉर्म-7 ही मिले हैं। ऐसे में आप या किसी का भी यह आरोप गलत है कि डेढ़ महीने में भाजपा कार्यकर्ताओं ने 11,018 फॉर्म-7 भरकर वोटर लिस्ट से नाम कटवा दिए हैं। यह आरोप तथ्यात्मक रूप से गलत है। फॉर्म-7 नाम काटने के लिए भरे जाते हैं।