बड़े बेटे की तरह लगा रहा, लेकिन 70 साल का काम पांच साल में तो नहीं हो सकता: केजरीवाल
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रोड शो के जरिए जनता से बातचीत की। इस दौरान केजरीवाल अपने विधानसभा क्षेत्र में लोगों को आम आदमी पार्टी की उपलब्धियां गिनाते नजर आए।
उन्होंने कहा कि दोस्तों अपने पांच साल अच्छे बीते, पांच साल में हमलोगों ने पूरी कोशिश की है कि दिल्ली को और दिल्लीवासियों को खुशहाल किया जाए। लोगों की जिंदगी में बहुत तकलीफें हैं। हर आदमी बड़ी मुश्किल से अपना परिवार पालता है।
मेरी भाजपा, कांग्रेस और अन्य पार्टियों के समर्थकों से अपील है - ये चुनाव अलग है, इसमें सब मिलके झाड़ू पे वोट देना pic.twitter.com/Erjp581ATX
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) January 22, 2020
लोगों का वेतन नहीं बढ़ता है और महंगाई बढ़ती जा रही है। बच्चों की फीस बढ़ती जा रही है। पांच साल में हमने यही कोशिश की है कि लोगों को जिंदगी में जितना ज्यादा से ज्यादा हो सके, सुकून दें। उन्होंने कहा कि हमने बिजली-पानी मुफ्त कर दिया। स्कूल-अस्पताल अच्छे कर दिए।
इसके अलावा सड़कों पर भी काम हो रहा है। केजरीवाल ने कहा कि 70 साल का काम पांच साल में तो नहीं हो सकता ना। मैंने घर के बड़े बेटे के जैसे काम किया है। मैंने पूरी कोशिश की है कि दिल्ली के हर एक परिवार के बड़े बेटे की तरह जिम्मेदारी निभाऊं।
हमलोगों ने दिल्ली को आगे बढ़ाने की शुरूआत की है। आठ फरवरी को चुनाव में हमें इसपर ब्रेक नहीं लगाना है। उन्होंने भाजपा, कांग्रेस और बाकी सभी पार्टी के समर्थकों से अपील की कि आप जिस पार्टी में हैं उसमें रहिए, लेकिन इसबार वोट आम आदमी पार्टी को दीजिएगा।
उन्होंने कहा कि हमने बड़ी मुश्किल से स्कूल-अस्पताल को अच्छा किया है। किसी और पार्टी को वोट दिया तो फिर से स्कूलों और अस्पताल की हालत खराब हो जाएगी। इसलिए दिल्ली के लिए और अपने परिवार की सहूलियत के लिए आम आदमी पार्टी को वोट दें।