कब साफ होगी दिल्ली की हवा: 19 इलाकों की आबोहवा बिगड़ी; मामूली सा हुआ सुधार; ये इलाका रहा सबसे ज्यादा प्रदूषित
देश की राजधानी दिल्ली में सर्द हवाएं चल रही हैं। इसी बीच प्रदूषण का स्तर भी खराब है। 19 इलाकों की हवा अब भी खराब है। इस माह का सबसे कम एक्यूआई 273 रहा है। यह इस माह का सबसे कम एक्यूआई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी में हवा की गति तेज होने और दिशा बदलने से प्रदूषण में सुधार आया है। प्रदूषण खराब श्रेणी में पहुंच गया है। बुधवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 273 दर्ज किया गया, जोकि खराब श्रेणी है। एक्यूआई में मंगलवार के मुकाबले 70 सूचकांक की गिरावट दर्ज की गई। यह इस माह का सबसे कम एक्यूआई है।
दिल्ली के 19 इलाकों की हवा खराब
सुबह से ही धुंध के साथ कोहरा देखने को मिला। दिन के समय हल्की धूप खिली। हालांकि, 14 इलाकों में एक्यूआई बेहद खराब श्रेणी में रहा। 19 में खराब व चार इलाकों में हवा मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई। दिल्ली की हवा समग्र रूप से खराब श्रेणी में बनी रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार से स्थिति बिगड़ने के आसार है।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक बुधवार को औसतन 10 से 20 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से हवा उत्तर-पश्चिम की ओर से चली। वहीं, बृहस्पतिवार को हवा उत्तर-पश्चिम से पश्चिम दिशा की ओर से चलेंगी। इस दौरान हवा की गति आठ से 16 किलोमीटर प्रतिघंटे रहने का अनुमान है।
शुक्रवार को हवा उत्तर-पश्चिम से पश्चिम दिशा से चल सकती है। गति चार से आठ किमी रहने के आसार है। शनिवार को हवा पश्चिम से उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने की आशंका है। इस दौरान हवा की गति चार से आठ किमी प्रति घंटे रहने की उम्मीद है। आशंका है कि शनिवार से स्थिति बिगड़ सकती है।
नेहरू नगर रहा सर्वाधिक प्रदूषित
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक 14 इलाकों में हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। इनमें नेहरू नगर में 329 एक्यूआई रहा। आनंद विहार में 320, जहांगीरपुरी में 317, वजीरपुर में 313, द्वारका सेक्टर-8 व पूसा में 308 सूचकांक दर्ज किया गया।
19 इलाकों में हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई। शादीपुर व श्री अरबिंदो मार्ग में 300, सीरोफोर्ट में 297, बवाना में 296, मंदिर मार्ग में 288 व सोनिया विहार के 287 एक्यूआई दर्ज किया गया। साथ ही, चार इलाकों में हवा मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई। इनमें आईटीओ में 194, आया नगर में 181, डीटीयू में 163 व दिलशाद गार्डन में 118 वायु सूचकांक दर्ज किया गया।
गुरुग्राम की हवा रही सबसे साफ
सीपीसीबी के अनुसार एनसीआर में गुरुग्राम का सबसे कम वायु गुणवत्ता सूचकांक दर्ज किया गया। यहां एक्यूआई 120 रहा, मध्यम खराब श्रेणी है। फरीदाबाद में 222, ग्रेटर नोएडा 220, नोएडा में 200 व गाजियाबाद में 172 एक्यूआई दर्ज किया गया।