Fire in Delhi: शाहबाद डेयरी इलाके में आग लगने से 50 झुग्गियां जलकर खाक, कोई जन हानि नहीं
दमकल विभाग ने बताया कि अहतियात के तौर पर कई एंबुलेंस भी तैनात की गईं। आग में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
विस्तार
शाहबाद डेयरी, बंगाली बस्ती स्थित झुग्गी में रविवार रात आग लग गई। लोग जान बचाने के लिए झुग्गी से निकलकर भागने लगे। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की नौ गाड़ियों ने डेढ़ घंटे में आग पर काबू पा लिया। आग में पचास झुग्गियां जल गईं। आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुट गई है।
दमकल विभाग के मुताबिक रविवार रात करीब सात बजे दमकल विभाग को आग लगने की जानकारी मिली। लोगों को वहां से हटाने के बाद दमकल कर्मी आग बुझाने में जुट गए। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। उसके बाद दमकल कर्मी कूलिंग के काम में जुट गए।
दमकल कर्मियों ने तलाशी अभियान चलाया, लेकिन इनमें कोई हताहत नहीं मिला। स्थानीय निवासी सलमान ने बताया कि आग लगते ही सभी झुग्गी से जान बचाकर भागे। लोगों का सारा सामान जल गया। झुग्गी में सिलिंडर विस्फोट होने से आग तेजी से अन्य झुग्गियों में आग फैल गई।
इतना ही नहीं लोगों के रेहड़ी, रिक्शा और साइकिल जल गए। लोगों को सामान निकालने तक का समय नहीं मिला। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आगे की जांच जारी है।