एससी-एसटी के लिए डीडीए की विशेष स्कीम, मिलेंगे 500 फ्लैट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिछली आवासीय योजना में बचे फ्लैटों को लेकर शुक्रवार को डीडीए की बोर्ड बैठक में बड़ा फैसला लिया गया है। इसके अनुसार, डीडीए ने एससी और एसटी वर्ग के लोगों के लिए विशेष आवासीय योजना तैयार की है। इसके तहत 500 फ्लैट आरक्षित हैं। हालांकि इनका आवंटन डीडीए लकी ड्रॉ के जरिये ही करेगा। पर्याप्त आवेदन नहीं मिलते हैं तो सामान्य वर्ग को भी फ्लैट लेने का मौका दिया जाएगा। इनमें एचआईजी, एमआईजी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के फ्लैट हैं।
बताया जा रहा है कि दिव्यांग श्रेणी को छोड़कर फ्लैटों की लागत का भुगतान नकद आधार पर किया जाएगा। इस स्कीम के अन्य सभी नियम व शर्तें हाल ही में आई आवासीय योजना 2019 के अनुसार ही होंगे। यानी इन 500 फ्लैट के लिए आवेदन भी ऑनलाइन ही किए जा सकेंगे।
शहीदों के सम्मान में आधी कीमत पर फ्लैट
डीडीए की एक और योजना को बैठक में मंजूरी मिल गई है। इसमें वीरता पुरस्कार प्राप्त, युद्ध में शहीद सैनिकों की विधवा और युद्ध के दौरान घायल या अक्षम लोगों के लिए विशेष योजना तैयार की गई है।
डीडीए के एक अधिकारी ने बताया कि इन श्रेणियों के तहत आने वालों को नरेला सेक्टर जी-2 और सेक्टर जी-8 के अलावा रोहिणी सेक्टर 34 व 35 में एक बेडरूम फ्लैट 7 लाख रुपये में दिया जाएगा, जबकि इनकी लागत करीब 15 लाख रुपये है।
लागत की लगभग 50 फीसदी राशि वसूली जा रही है, इसलिए मांग पत्र में शर्त है कि आवंटित फ्लैट का कब्जा लेने की तिथि से 10 वर्ष तक इसे बेचा नहीं जा सकता और न ही किसी अन्य के नाम हस्तांतरित किया जा सकता है। इस अवधि के दौरान संपत्ति को लीज होल्ड समझा जाएगा।