कारगिल शहीद की बेटी को मिली रेप की धमकी, फेसबुक पर ABVP का किया था विरोध
रामजस कॉलेज में छात्रों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद डीयू की एक छात्रा द्वारा शांति बहाली के लिए चलाए जा रहे कैंपेन के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही उसे रेप की धमकियां मिल रही हैं।
बता दें कि जिस डीयू छात्रा को रेप की धमकियां मिल रही हैं वो कारगिल युद्ध में शहीद कैप्टन की बेटी गुरमेहर कौर है। गुरमेहर लेडी श्रीराम कॉलेज की छात्रा है।
दरअसल गुरमेहर ने फेसबुक पर एबीवीपी की कड़ी आलोचना की है। उसके इस कैंपेन को पूरे देश से समर्थन मिल रहा है और इसी वजह से सोशल मीडिया पर उसकी मुहिम वायरल हो गई जिसके बाद उसे रेप की धमकी मिलने लगी है।
काफी डराने वाली हैं ऐसी धमकियां : गुरमेहर कौर
गुरमेहर कौर ने एक साक्षात्कार में कहा कि कैंपेन चलाने के बाद जो लोग इससे नाराज हैं वो उसे और उनकी सहेलियों को रेप की धमकी दे रहे हैं। कौर ने आगे कहा कि उसे राष्ट्रविरोधी बताने के साथ ही उसका मजाक उड़ाया जा रहा है।
वो कहती है कि इस तरह की रेप की धमकियां मिलना काफी डराने वाला है, जब कोई आपको हिंसा या दुष्कर्म की धमकी देने लगे।
गुरमेहर कौर ने रामजस कॉलेज में हुई हिंसा के बाद सोशल मीडिया पर कैंपेन चलाते हुए अपनी प्रोफाइल फोटो बदल ली थी। उस फोटो में कौर ने एक तख्ती ली हुई थी जिसपर संदेश लिखा है। उसमें लिखा है कि वो डीयू की छात्रा है। वो एबीवीपी से नहीं डरती और उसके साथ पूरे देश के छात्र हैं।