साइबर सिटी वालों का होगा अपना डिजिटल लॉकर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब साइबर सिटी वाले अपने सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज डिजिटल लॉकर में रख सकते हैं। इसके लिए जिला प्रशासन ने डिजीटल इंडिया सप्ताह के तहत डिजीटल साक्षरता बढ़ाने का काम शुरू कर दिया है।
लोगों को डिजिटल लॉकर की जानकारी दी जा रही है। डिजिटल लॉकर सुविधा सभी के लिए नि:शुल्क है। इस सुविधा को हासिल करने के लिए व्यक्ति को भारत सरकार की वेबसाइट https://digitallocker.gov.in/ पर साइन अप करना होगा। इसके लिए आधार नंबर होना जरूरी है।
इस वेबसाइट पर टैक्सट बॉक्स में अपना आधार नंबर भरना होगा। उसके बाद उसे दो विकल्प मिलेंगे। ‘वन टाइम पासवर्ड प्रयोग’ (ओटीपी) और ‘फिंगर प्रिंट प्रयोग’।
जिसमें से उसे एक विकल्प को चुनना होगा। ओटीपी प्रयोग पर क्लिक करते ही यूआईडीएआई माध्यम से उस व्यक्ति के मोबाइल नंबर व ई-मेल आईडी पर ओटीपी भेज दी जाएगी।
डिजिटल लिटरेसी पर भी जोर
यह तभी संभव होगा जब आधार कार्ड बनवाते समय अपना मोबाइल नंबर व ई-मेल भरा हो। ओटीपी मान्य होते ही उस व्यक्ति को यूजर नेम और पासवर्ड सेट करके साइन अप करना होगा। यदि व्यक्ति फिंगर प्रिंट प्रयोग विकल्प को चुनता है तो उसे अपना अंगूठा या अंगुली विशेष उपकरण पर रखनी होगी।
अगर फिंगर प्रिंट मान्य हो जाता है तो उसे यूजर नेम और पासवर्ड भरकर साइन अप करना होगा। ऐसा करने के बाद उस व्यक्ति का डिजिटल लॉकर की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन हो जाएगा।
इस प्रक्रिया के बाद वह अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज स्कैन करके उस लॉकर में अपलोड कर सकता है। इन दस्तावेजों को वह कहीं भी देख पाएगा और इनका प्रिंट भी ले सकता है।
जिला उपायुक्त टीएल सत्यप्रकाश ने बताया कि डिजिटल लॉकर के अलावा डिजिटल लिटरेसी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्थानों पर स्थापित नागरिक सेवा केंद्र (सीएससी) संचालकों को निर्देश दिए गए हैं।
वे आने वाले ग्राहकों को कंप्यूटर प्रयोग व डिजीटल सुविधा के बारे में बताएंगे। वर्तमान में गुड़गांव में 29 सीएससी संचालित किए जा रहे हैं।