नोटबंदी का असरः बैंक रहे बंद, एटीएम से भी नहीं निकले पैसे तो लोग हो गए बेहाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोमवार को बैंक बंद होने के कारण नगदी निकालने वालों के लिए एटीएम ही एकमात्र भरोसा थे लेकिन अधिकांश एटीएम से आज रुपये नहीं निकल रहे थे। जहां एटीएम चल रहे थे वहां लंबी-लंबी लाइनों में खड़े लोगों को कम से कम एक घंटे का इंतजार करना पड़ रहा था। पैसा निकालने के लिए लोग एक से दूसरे एटीएम का चक्कर लगा रहे थे। अनुमान के अनुसार राजधानी के करीब अस्सी फीसदी से ज्यादा एटीएम बंद रहे।
राजधानी में विवेक विहार, प्रीत विहार, निर्माण विहार और लक्ष्मी नगर में 40 से अधिक बैंकों की ब्रांच के साथ इसके करीब दोगुना एटीएम भी लगे हैं। मगर इन स्थानों के 95 फीसदी एटीएम भी बैंकों के साथ बंद पड़े थे।
कारण या तो वह काम नहीं कर रहे थे या फिर उनमें पैसे खत्म हो चुके थे। चालू हालत में सबसे ज्यादा एटीएम नई दिल्ली इलाके में दिखे यानी कनॉट प्लेस, संसद मार्ग, अशोक रोज इलाकों में। वह भी वहां जहां से बैंकों के मुख्यालय पास हैं। यहां पर करीब पचास फीसदी एटीएम काम करते दिखे।
संसद मार्ग पर खड़े लक्ष्मी नगर निवासी राजवीर ने बताया कि वह 10 बजे से एटीएम से पैसे निकालने को निकले हैं। अब संसद मार्ग पर एसबीआई के एटीएम में पैसे मिल रहे तो यहां कतार में लगा हूं। मगर यहां भी दस-दस लोग को बारी-बारी से अंदर जाने दे रहे हैं।इसी तरह रिया भी पंचकुइयां से यहां पैसा निकालने के लिए आई हैं।
संसद मार्ग पर स्थित एसबीआई मुख्यालय में सिर्फ एक एटीएम काम कर रहा था। लंबी लाइन व भीड़ को देखते हुए यहां सुरक्षाकर्मी बारी-बारी से 10-10 लोगों को अंदर भेज रहे थे।
एक से अधिक कार्ड से पैसे निकाल रहे लोग
पैसे की मारामारी का आलम यह है कि लोग घर के सभी बैंक अकाउंट के एटीएम कार्ड लेकर लाइन में लग रहे हैं। नंबर आते ही वह सभी कार्ड से पैसे निकाल रहे हैं। उनका मानना है कि पता नहीं 2000 रुपये कब जरूरत पड़ने पर खत्म हो जाए।
पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से रुपये निकालने में सफल रहे अर्जुन ने बताया कि जी पता नहीं कब पैसे की जरूरत पड़ जाए। इसलिए नंबर लगते ही तीन कार्ड से 6000 रुपये निकाल लिए है।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की कुछ शाखाओं में बुजुर्गों की अलग लाइनें लगवाई गई। संसद मार्ग स्थित एसबीआई के मुख्यालय के एटीएम के अलावा अशोक रोड स्थित एटीएम पर भी बुजुर्गों की अलग लाइन लगी थी।