भाई को मारी गोली, नाबालिग बहन को जबरन घर में रखना चाहता था आरोपी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विजय विहार इलाके में एक बदमाश व उसके साथियों ने एक युवक के पेट में गोली मार दी। पीड़ित युवक को इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पीड़ित के भाई की शिकायत पर विजय विहार थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस को पता लगा है कि गोली मारने वाला बदमाश पीड़ित युवक की बहन को जबरन अपने घर में रखना चाहता था। इसी का विरोध करने पर बदमाश ने घटना को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक सलीम(24, काल्पनिक नाम) सपरिवार बुध विहार में रहता है, वह पेशे से ड्राइवर है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इलाके में रहने वाले बदमाश लक्ष्मी नारायण उर्फ लल्ला ने पिछले एक साल से उसकी नाबालिग बहन को जबरन अपने घर में रखा हुआ था।
बदमाश ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी
बदमाश ने किसी से शिकायत करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। बताया गया है कि करीब बीस दिन पहले सलीम की बहन लक्ष्मी नारायण के चंगुल से भागकर अपने घर आ गई थी।
उसके बाद से लक्ष्मी नारायण लगातार उसे वापस ले जाने की कोशिश कर रहा था। उसकी बहन ने लक्ष्मी नारायण के पास जाने से इंकार कर दिया था, इसी बात को लेकर वह काफी गुस्से में था। आरोपी लगातार सलीम को धमकी देकर बहन को वापस भेजने का दबाव बना रहा था।
रविवार को आरोपी लक्ष्मी नारायण लड़की को लेने के लिए आया, इसी दौरान सलीम के साथ उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि लक्ष्मी नारायण ने अपने साथियों के साथ उसकी पिटाई कर दी और पेट में गोली मारकर फरार हो गया। सलीम को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।