पुलिस के सामने युवक ने की खुदकुशी, प्रेमिका की मां ने बुलवाकर कराई थी पिटाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जहांगीरपुरी इलाके में शुक्रवार दोपहर एक युवक ने पुलिस के सामने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस झगड़े की सूचना पर युवक को पकड़ने के लिए गई थी। युवक की पहचान रवि (21) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक रवि सपरिवार जे ब्लॉक जहांगीरपुरी में रहता था। उसके भाई रोहताश ने भाई की खुदकुशी के लिए एक महिला और युवक को जिम्मेदार ठहराया है।
उसने बताया कि रवि का इलाके की एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन लड़की की मां ने बेटी से रवि पर रेप का आरोप लगवा दिया। उसके बाद वह समझौते के लिए डेढ़ लाख रुपये की मांग कर रही थी।
महिला ने शुक्रवार को बेटी से फोन करवाकर रवि को अपने घर पर बुलाया और एक युवक के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। रवि ने अपने चचेरे भाई सागर को फोन कर इस बात की जानकारी दी।
महिला ने मारपीट का आरोप लगाकर बुलाई पुलिस
सागर ने उसे घर पहुंचने के लिए कहा। रवि वहां से अपने घर पहुंचा और तीसरी मंजिल पर चला गया। इसी बीच महिला ने पुलिस को फोन कर रवि पर मारपीट करने की शिकायत की।
इस सूचना पर जहांगीरपुरी थाने में तैनात हवलदार मणिक राम रवि के घर पर पहुंचा। इसी बीच रवि का भाई भी वहां पहुंच गया। हवलदार ने उसे घर के भीतर जाने से रोक दिया। लेकिन लोगों के विरोध करने पर रवि का भाई तीसरी मंजिल पर पहुंचा।
जहां उसने रवि को फांसी से लटका हुआ पाया। उसने दरवाजा तोड़कर रवि को नीचे उतारा और फिर उसे लेकर बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचा। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हवलदार मणिक राम मौके पर झगड़े की कॉल पर गया था। अगर किसी ने खुदकुशी करने से पहले रवि की पिटाई की है तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हो जाएगा। पुलिस रिपोर्ट आने के बाद आरोपी पर कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।