जिसका कर दिया था अंतिम संस्कार, उसे जिंदा देख घरवालों के पैरों तले खिसक गई जमीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
परिवार ने जिस महिला का अंतिम संस्कार कर दिया था, बुधवार को वह जिंदा घर लौट आई। महिला प्रेमी के साथ एटा चली गई थी। परिजनों ने थाना फेज दो में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
24 अप्रैल को थाना सेक्टर-49 अंतर्गत एफएनजी मार्ग पर बोरे में बंद मिले महिला के शव की पहचान कर परिवार ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया था।
पुलिस उसके कातिल की तलाश कर रही थी। इसी दौरान महिला पुलिस को मिल गई। अब थाना सेक्टर-49 पुलिस ने बोरे में मिले शव की पहचान और उसके कातिल की नए सिरे से तलाश शुरू कर दी है।
नीतू सक्सेना (25) दो बच्चों सहित पिता के साथ नोएडा के थाना फेज दो अंतर्गत नया गांव में रहती है। नीतू की शादी करीब छह साल पहले शाहजहांपुर निवासी राम लखन से हुई थी।
चार साल दोनों साथ रहे। फिर मनमुटाव बढ़ने पर नीतू दोनों बच्चों को लेकर पिता के घर आ गई। 6 अप्रैल को नीतू संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई। उसके पिता सर्वेश ने उसी दिन थाना फेज-दो में नीतू की गुमशुदगी दर्ज करा दी।
थाना फेज दो पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान 24 अप्रैल को थाना सेक्टर-49 पुलिस को सेक्टर-105 में एफएनजी मार्ग पर बोरे में बंद महिला का शव मिला।
गले में मंगलसूत्र था। इसकी सूचना जिले के सभी थानों को दी गई। थाना फेज दो पुलिस से सूचना पाकर सर्वेश ने 25 अप्रैल को उसकी पहचान नीतू के रूप में कर दी।
पुलिस ने भी दोनों की फोटो का मिलान किया तो चेहरा काफी मिलता-जुलता था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने सर्वेश को शव सौंप दिया और उसने उसी दिन अंतिम संस्कार भी कर दिया।
शव की नीतू के रूप में पहचान होने के बाद थाना फेज दो पुलिस ने गुमशुदगी के मामले को हत्या में तब्दील कर कातिल की तलाश शुरू कर दी।
...तो बोरे में बंद लाश किस महिला की थी
कातिल की तलाश में थाना फेज दो पुलिस ने उस दुकान के आसपास छानबीन की जहां नीतू काम करती थी। जांच में पुलिस को पता चला कि नीतू के लापता होने के बाद से दो युवक भी लापता हैं।
पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी। सर्विलांस के जरिये उनमें से एक पूरन की लोकेशन पुलिस को एटा में मिली। पुलिस उसे कातिल समझ एटा में तलाशने पहुंची, वहां पूरन के साथ पुलिस को नीतू भी मिल गई।
नोएडा आकर नीतू ने पुलिस को बयान दिया है कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से पूरन के साथ एटा गई थी। पूरन उसका पुराना प्रेमी है।
उसने एटा जाने की जानकारी परिवार वालों को नहीं दी थी। नीतू ने पुलिस को बयान दिया है कि वह और पूरन जल्द ही शादी करने वाले हैं।
नीतू की गुमशुदगी का मामला भले ही सुलझ गया हो, लेकिन अब ये सवाल खड़ा हो गया है कि अगर नीतू जिंदा है तो 24 अप्रैल को बोरे में मिला शव किस महिला का था।
एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बोरे में मिले शव के मामले में थाना सेक्टर-49 पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। थाना सेक्टर-49 पुलिस अब नए सिरे से बोरे में मिले शव की शिनाख्त करने और कातिल तक पहुंचने का प्रयास करेगी।