11वीं का छात्र है संदीप चितानिया गिरोह का शॉर्प शूटर
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने संदीप चितानिया गिरोह के नाबालिग समेत दो शॉर्पशूटरों को पकड़ा है। नाबालिग 11वीं कक्षा का छात्र है। इनके कब्जे से छह कारतूस समेत .32 बोर की रिवाल्वर, तीन कारतूस समेत कट्टा और झज्जर से लूटी गई कार बरामद की गई है। दिल्ली पुलिस ने इसकी सूचना हरियाणा पुलिस को दे दी है।
अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अशोक चांद के अनुसार, इंस्पेक्टर अशोक कुमार और एसआई वीरेंद्र कुमार को सूचना मिली थी कि संदीप चितानिया गिरोह के दो शॉर्प शूटर पश्चिमी दिल्ली में घूम रहे हैं। पुलिस की टीम ने यहां घेराबंदी कर गांव मदिना, सोनीपत निवासी पवन उर्फ पोन्ना (29) और नाबालिग अमर (बदला हुआ नाम, उम्र 17 वर्ष पांच महीने) को पकड़ लिया।
लूटी कार में फर्जी नंबर लगाकर घूम रहे थे
पूछताछ में पता लगा कि जिस कार में घूम रहे थे, वह वर्ष 2012 में झज्जर से लूटी थी। इस पर ये फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे थे। पवन 2001 में संदीप के संपर्क में आया था।
इसके बाद वह गिरोह का सक्रिय सदस्य हो गया था। नाबालिग वर्ष 2013 में संदीप चितानिया के गिरोह में शामिल हुआ था। पवन और अमर ने अन्य साथियों के साथ मिलकर विरोधी गिरोह के सदस्य नीरज उर्फ निक्का को वर्ष 2014 में रोहतक में 16 राउंड गोली मारकर छलनी कर दिया था।
पवन ने वर्ष 2001 में खरदौरा जिले में पटवारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पटवारी एक केस में गवाह था। पवन ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर दुश्मनी के चलते परमजीत की चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। इसके अलावा पवन पर सोनीपत सिटी और गोहाना में मामले दर्ज हैं।