‘बहन का बदला लेने के लिए बच्चे पर डाला तेजाब, मरा समझकर कूड़ेदान में फेंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शांति नगर से तीन दिन पूर्व घर के बाहर से बच्चे का अपहरण कर हत्या का प्रयास करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बहन को बच्चे की मां द्वारा अपशब्द कहने का बदला लेने के लिए आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया था।
आरोपी बच्चे को मरा समझकर कूड़े में फेंक गया था, लेकिन उसकी किस्मत अच्छी थी कि वह बच गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार बच्चे का अपहरण करने व हत्या के प्रयास में शांति नगर निवासी गोविंद को गिरफ्तार किया गया है। वह मूलरूप से यूपी के जिला बुलंदशहर का रहने वाला है। वह यहां झांडसा रोड स्थित एक सर्विस स्टेशन पर काम करता था।
ढाई वर्षीय बेटे को बहाने से अपने पास बुलाया
उसने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ दिन पहले शांतिनगर निवासी यमुना प्रसाद (मूलरूप से यूपी के जिला उन्नाव) की पत्नी ने उसकी बहन को किसी बात को लेकर कुछ अपशब्द कह दिए थे।
इसी बात का बदला लेने के लिए ही उसने यमुना प्रसाद के ढाई वर्षीय बेटे को बहाने से अपने पास बुला लिया। चूंकि पड़ोसी होने के नाते बच्चा गोविंद को पहचानता था। इसलिए आसानी से गोविंद उसे अपने साथ ले गया।
उसने बच्चे को बेरी वाले बाग में रखा और अपने साथ सुलाया। यहां उसने बच्चे के सीने पर फ्लूड लगा दिया। सांस के साथ फ्लूड बच्चे के शरीर में पहुंचता रहा, जिससे बच्चा बेहोश होकर सो गया।
मासूम जख्मी हालत में कूड़े के ढेर में पड़ा मिला
इस बीच गोविंद ने बच्चे को मारने की नीयत से उसके ऊपर तेजाब लाकर छिड़क दिया। गोविंद ने बच्चे को मरा समझकर उसे नजदीक ही लगते ओमनगर में ले जाकर कूड़े के ढेर में डाल दिया।
शुक्रवार को मासूम जख्मी हालत में कूड़े के ढेर में पड़ा मिला था। उसके शरीर पर जलने के निशान थे। मासूम को इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जांच अधिकारी एसआई रूपेश ने बताया कि सीसीटीवी में एक युवक बच्चे को अपने साथ ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है।
इसी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई और गोविंद को गिरफ्तार कर लिया गया। बता दें कि यमुना प्रसाद का ढाई वर्षीय बेटा 13 दिसंबर को घर के बाहर गली में खेलते समय अचानक गायब हो गया था।