नकली डिमांड ड्राफ्ट देकर ले गए 68 लाख का 5100 कनस्तर तेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीलमपुर इलाके में नकली डिमांड ड्राफ्ट के जरिये खाने के तेल के कारोबारी से 68 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने नकली डीडी देकर पीड़ित रामभज अग्रवाल के यहां से 5100 कनस्तर (टिन) करीब 68 लाख रुपये का खाने का तेल उड़ा लिया।
रामभज जब बैंक में डीडी कैश कराने के लिए गया तो उसे उसके नकली होने का पता चला। वारदात के बाद से आरोपी के सभी मोबाइल नंबर बंद हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, रामभज परिवार के साथ ब्रहृमपुरी इलाके में रहता है। घर के पास ही खाने के तेल का थोक का कारोबार है। रामभज के मुताबिक, पिछले करीब छह माह से गंगा विहार निवासी राहुल नामक कारोबारी उससे नकद रुपये देकर तेल के कनस्तर खरीद रहा था।
कंपनी के नाम का 68 लाख का डीडी बना दिया
12 फरवरी को वह रामभज के पास आया और उसने 5100 कनस्तर तेल व रिफाइंड तेल बुक कराए। उसने रामभज को बताया कि कारोबार के लिए उसने बैंक से मोटा लोन लिया है।
माल उठाने के लिए बैंक ने रामभज की कंपनी के नाम का 68 लाख का डीडी बना दिया है। राहुल ने डीडी की फोटो कॉपी दिखाते हुए कहा कि जिस दिन उसका सारा माल उठ जाएगा, वह डीडी की असली कॉपी उसे दे देगा।
रामभज उसके झांसे में आ गया। राहुल ने 12 फरवरी से 17 फरवरी के बीच टेंपो व ट्रकों की मदद से 5100 तेल के कनस्तर उठवा लिए। आखिरी ट्रक जाते समय 17 फरवरी को राहुल डीडी की कथित असली कॉपी रामभज के हवाले कर चला गया।
अगले दिन रामभज जब बैंक पहुंचे तो उन्हें पता चला कि डीडी नकली है। इसके बाद से राहुल का मोबाइल नंबर बंद मिला। रामभज उसके गंगा विहार स्थित घर पहुंचा तो पता चला कि राहुल फरार है। उसके भाई रोहित व जीजा सुरेश ने दोबारा नहीं आने की बात कर भगा दिया।