पड़ोसी देश से नकली नोटों की तस्करी करने वाले यूं धरे, करोड़ों रुपये कर चुके हैं सप्लाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नकली नोटों की सप्लाई करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 5.50 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि पिछले कुछ महीनों में वह तीन करोड़ के नोट सप्लाई कर चुके हैं। नोट दिल्ली, एनसीआर, यूपी व बिहार में सप्लाई करते थे। नकली नोट बांग्लादेश व नेपाल से आ रहे हैं। गौरतलब है कि एक महीने में नकली नोटों की तीसरी खेप पकड़ी गई है।
स्पेशल सेल के डीसीपी प्रमोद कुशवाहा के अनुसार, एसीपी अत्तर सिंह की टीम को नकली नोट सप्लाई होने के बारे में सूचना मिली थी। जांच में पता लगा कि नकली नोट पोरोस बॉर्डर, मालदा पश्चिमी बंगाल, बांग्लादेश व नेपाल से आ रहे हैं।
लाखों में नकली नोट किए बरामद
इंस्पेक्टर अरविंद को 17 दिसंबर को सूचना मिली थी कि मोतीहारी, बिहार निवासी जुल्फिकार (45) गिरोह का मुख्य सरगना है और नकली नोटों की खेप लेने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन आएगा।
पुलिस टीम ने यहां घेराबंदी कर जुल्फिकार व खेप देने आए उत्तम मंडल (40) को गिरफ्तार कर लिया। जुल्फिकार के कब्जे से तीन लाख और उत्तम मंडल के कब्जे से एक लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए।
उत्तम मंडल ने बताया कि वह मालदा के दीपक कुमार मंडल (36) के लिए कैरियर का काम करता है। पुलिस टीम ने रामलीला ग्राउंड में घेराबंदी कर दीपक मंडल को पकड़ लिया। इसके कब्जे से डेढ़ लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए गए। जब्त किए गए सभी नकली नोट दो हजार के हैं।
तारों के ऊपर से फेंकता था बंडल
जुल्फिकार ने बताया वह पिछले पांच वर्षों से नकली नोटों की सप्लाई करने में लगा हुआ है। वह नोट लेने बांग्लादेश बॉर्डर जाता था। इस दौरान वह दीपक मंडल के संपर्क में आया। जुल्फिकार ने बताया कि मालदा के काफी लोग नकली नोट सप्लाई करने में लगे हुए हैं।
दीपक ने बताया कि वह बांग्लादेश निवासी मुशरफ से नकली नोटों की खेप लेता था। बॉर्डर पर लगे तारों के ऊपर से नकली नोटों के बंडल फेंक देता था।
एक हजार के नकली नोट 300 रुपये में
दीपक मंडल ने बताया कि वह 300 रुपये के असली नोटों से एक हजार रुपये के नकली नोट लेता था। एक हजार के नकली नोट को आगे 450 रुपये में देता था। जुल्फिकार 500 रुपये में एक हजार के नकली नोट देता था।