मोटरसाइकिल एजेंसी का ताला तोड़कर कंप्यूटर, एलसीडी सहित CCTV की डीवीआर पर किया हाथ साफ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चोरों ने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक मोटरसाइकिल एजेंसी में सेंध लगा दी। एजेंसी का ताला तोड़कर वहां से पांच हजार नकदी सहित कंप्यूटर, लैपटॉप, एलसीडी टीवी सहित सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर तक चुरा ले गए। थाना शहर बल्लभगढ़ पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर सात निवासी सुरेंद्र अरोड़ा की राष्ट्रीय राजमार्ग पर चावला कॉलोनी में बजाज मोटरसाइकिल की एजेंसी है। सोमवार सुबह करीब नौ बजे जब वह शोरूम पर आए देखा कि शटर के ताले टूटे हुए हैं और अंदर सारा सामान फैला था। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। सुरेंद्र अरोड़ा के अनुसार चोर शोरूम से पांच कंप्यूटर, चार मॉनीटर, एक एलसीडी टीवी, एक लैपटॉप, डीवीआर और दराज में रखे करीब पांच हजार रुपये चुरा ले गए।
चोरी रोकने के प्रयास धरे ही रह गए
बढ़ती चोरी की घटनाओं के चलते पुलिस ने शहर में किलेबंदी कर दी, लेकिन सारे प्रयास धरे रह गए। पुलिस ने तीन दिन पहले ही नाकेबंदी की योजना तैयार की थी। इसके तहत रात को शहर के अंदर आने जाने के सभी रास्तों को सील कर दी जाती है।
अंबेडकर चौक से लोगों को आने जाने दिया जाता है। खुद एसीपी अमन यादव रात को सुरक्षा बंदोबस्त का जायजा लेते हैं। अगले एक-दो दिन में पुलिस आयुक्त भी इसका जायजा लेने जाने वाले हैं। शहर में सुरक्षा कड़ी होने पर चोरों ने राजमार्ग स्थित शोरूम में सेंध लगा दी। पुलिस को राजमार्ग पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने होंगे।
हाल ही में हुई आपराधिक घटनाएं
21 अक्तूबर : चावला कालोनी स्थित तेल कारोबारी मुकेश मित्तल के गोदाम पर लूटपाट के इरादे से आए चार युवकों ने विरोध करने पर मुकेश मित्तल व रिक्शा चालक कमालुद्दीन को गोली मारकर घायल कर दिया।
22 अक्तूबर : हरी विहार निवासी विनोद को तड़के चार बजे उमेश उर्फ भूत, उसके भाई मनवीर, बिज्जू व कमल के लड़के ने आवाज देकर घर से बाहर बुलाया। बाहर निकलने पर बदमाशों ने उन्हें गोली मारकर घायल कर दिया।
4 नवंबर- बस अड्डा मार्केट में ओमप्रकाश छाबड़ा के मोबाइल शोरूम की छत उखाड़कर चोरी।
7 नवंबर - चावला कॉलोनी स्थित मोबाइल शोरूम में लूट के इरादे से आए बदमाशों ने शोरूम मालिक कुमार गौरव और उनके भाई पर हमला किया और फरार हो गए।
15 नवंबर - अंबेडकर चौक स्थित अणुव्रत कम्यूनिकेशन का शटर उखाड़कर चोर करीब 30 लाख रुपये के मोबाइल फोन चुरा ले गए।