सरेराह खींचा छात्रा का दुपट्टा, अगवा करने की कोशिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया के सामने सीए की छात्रा को युवकों ने कार में खींचने का प्रयास किया। गनीमत रही कि उसी समय स्कूटर से जा रहे व्यक्ति ने शोर मचा दिया, जिसके बाद सभी भाग गए।
छात्रा के सिर और गर्दन में चोट लगी है। जामिया नगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास का मामला दर्ज किया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार झज्जर, हरियाणा निवासी 23 वर्षीय प्रिया (बदला हुआ नाम) जामिया नगर में गर्ल्स हॉस्टल में रहती है।
एक ने दुपट्टा खींचा दूसरे ने बाल नोचे
जानकारी के मुताबिक वह न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में एक बहुराष्ट्रीय बैंक में अकाउंटेंट है। साथ ही वह दिल्ली स्थित एक यूनिवर्सिटी से सीए की पढ़ाई भी कर रही है। प्रिया 30 जुलाई को शाम करीब चार बजे बैंक से हॉस्टल जा रही थी।
जब वह जामिया के मेन गेट के सामने पहुंची तो एक ईको कार उसके बगल में आकर रुकी। जब तक प्रिया कुछ समझ पाती कार में बैठे युवकों में से एक ने प्रिया का दुपट्टा खींच लिया और दूसरे ने उसके बाल पकड़कर कार में खींचने का प्रयास किया।
कार में बैठे अन्य युवकों ने भी उसके हाथ पकड़ लिए थे। इसी दौरान एक स्कूटर सवार वहां से गुजर रहा था। उसने स्कूटर रोककर शोर मचाना शुरू कर दिया। इस पर आरोपी मौके से भाग गए।
तीन आरोपी गिरफ्तार
बताया गया कि कार में सात युवक बैठे थे। छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जामिया नगर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और स्कूटर सवार द्वारा नोट किए गए कार के नंबर के आधार पर तीन आरोपी इमरान, तक्सीन और अलीजान को गिरफ्तार कर लिया।
इमरान टैक्सी ड्राइवर है। पुलिस इनके चार साथी इस्लाम, सानू, फिरोज और नदीम की तलाश कर रही है। आरोपियों ने फरीदाबाद में शराब पी थी और जब युवती को कार में खींच रहे थे उस समय नशे में थे।