पहले दोस्ती, फिर दुष्कर्म उसके बाद युवती से की जबरन शादी
जैतपुर इलाके में दुष्कर्म करने के बाद युवती से मंदिर में जबरदस्ती शादी करने का मामला सामने आया है। मेडिकल जांच में युवती के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। जैतपुर थाना पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
हालांकि, बुधवार शाम तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया था। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार 20 वर्षीय युवती मनीषा (बदला हुआ नाम) जैतपुर थाना इलाके में रहती है।
मनीषा फरीदाबाद में स्थित एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती है। जैतपुर में रहने वाला सौरभ नाम का युवक उसका पीछा करता था। पीछा कर उसने मनीषा से जान-पहचान बढ़ाई और फिर दोस्ती कर ली।
जबरदस्ती करवाए शादी के कागज पर हस्ताक्षर
आरोप है कि मनीषा के माता-पिता मंगलवार को कहीं गए थे। उसी समय आरोपी उसके घर पहुंच गया और जबरदस्ती उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी उसे जबरदस्ती आर्य समाज मंदिर में ले गया।
मंदिर में आरोपी ने उससे जबरदस्ती शादी की और शादी के कागजात पर साइन करा लिए। जैतपुर थाना पुलिस ने मनीषा की शिकायत पर आरोपी सौरभ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। बुधवार को युवती के कोर्ट में बयान हुए थे। पुलिस का कहना है कि युवती के बयान के बाद ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
बुजुर्ग ने की नौकरानी से छेड़छाड़
अमर कॉलोनी की दयानंद कॉलोनी में 16 वर्षीय नौकरानी ने बुजुर्ग पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। नौकरानी ने आरोप लगाया है कि जब वह घर में अकेली थी तभी 65 वर्षीय बुजुर्ग ने उसके साथ छेड़छाड़ की। नौकरानी की शिकायत पर मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। बुधवार शाम तक बुजुर्ग को गिरफ्तार नहीं किया गया था।