हत्यारे बाप के खुलासे से पुलिस की आंखे हुई नम, पैसे इकट्ठे करने के बाद कराया अंतिम संस्कार
अपने बेटे के हत्यारे और बेटियों को काल कोठरी में रखने वाले आरोपी के खुलासे से पुलिस की आंखें भी नम हैं।
पुलिस ने पैसे इक्कठा कर रविवार को हत्यारे पिता से ही बेटे का अंतिम संस्कार करवाया। इस दौरान भी आरोपी के चेहरे पर कोई पछतावा नहीं था।
पुलिस ने आरोपी के कुछ रिश्तेदारों को बुला लिया था। आरोपी के दो भाई और एक बहन हैं। आरोपी के बर्ताव की वजह से परिवार के किसी भी सदस्य का इसके घर आना-जाना नहीं था।
बाप को नहीं था कोई पछतावा
उधर, बच्चियों की मां का सुराग लगाने में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस की एक टीम को हापुड़ रवाना कर दिया गया है।
गौरतलब है कि गत 18 अगस्त को पुलिस को हैदरपुर ट्रीटमेंट प्लांट से ढाई साल के बच्चे का शव मिला था। उस समय उसकी पहचान नहीं हो पाई थी।
लेकिन, जब आरोपी पुलिस के गिरफ्त में आया तो पता चला कि ढाई साल का बच्चा उसका है। उसने ही उसे जिंदा नहर में फेंका था। बच्चे की पहचान होने के बाद पुलिस ने शनिवार को उसका पोस्टमार्टम कराया।