गेंद लगने पर दोस्त की बैट से पीट-पीटकर हत्या
सागरपुर इलाके में क्रिकेट खेलने के दौरान गेंद लगने पर एक युवक ने बैट से पीट-पीटकर दोस्त की हत्या कर दी। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार शिवम परिवार के साथ दशरथपुरी के गली संख्या 14 में रहता था। उसके पिता जगदीश प्रसाद मजदूर हैं। 22 जून की शाम शिवम अपने दोस्त आकाश के साथ क्रिकेट खेलने के लिए नसीरपुर स्थित जयंती पार्क गया था।
शिवम बैटिंग कर रहा था, इसी दौरान उसने एक शॉट मारा। गेंद उसके दोस्त आकाश को जा लगी। गेंद लगने से आकाश तिलमिला गया और गुस्से में शिवम के पास पहुंचा।
सिर में चोट लगने की वजह से मौत
अशोक ने शिवम से बैट छीनकर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर में चोट लगने की वजह से शिवम मैदान में अचेत होकर गिर गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
शिवम के दोस्तों ने उसे इलाज के लिए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आकाश ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी दुर्गा पार्क का रहने वाला है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शिवम का आकाश से पहले से कोई रंजिश तो नहीं थी।